गाजियाबाद। पति से चल रहे विवाद और उसे छोड़कर दूसरी शादी करने के लिए महिला ने एसिड अटैक की साजिश रची थी। इस मामले में 21 अगस्त को महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर एसिड फेंकने का आरोप लगाया था और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 
डीसीपी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में जांच चल रही थी। पता चला है कि महिला ने खुद ही यह घटना की साजिश रची थी। उसने अपने प्रेमी और पूर्व परिचित की मदद से घटना को अंजाम देकर पुलिस को झूठी सूचना दी थी। पुलिस ने आरोपी प्रियंका शर्मा, उसका प्रेमी पुलकित त्‍यागी और दोस्‍त अंकित को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एसिड की बोतल और बाइक जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में प्रियंका ने बताया कि 2018 में अर्पित कौशिक से उसकी शादी हुई थी। कुछ समय बाद ही उनका विवाद हो गया और वर्तमान में उनकी काउंसलिंग चल रही है। इस दौरान प्रियंका की मुलाकात पुलकित से हुई। उसका भी अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है। दोनों में दोस्ती होने के बाद वे एक-दूसरे से शादी करना को तैयार थे। इसी वजह से उन्होंने एसिड अटैक की साजिश रची।
21 अगस्त को काउंसलिंग के बाद प्रियंका बाइक कैब से मिगसन सोसायटी के पास पहुंची। यहां अंकित एसिड लेकर पहुंचा था। उसने सफाई से महिला की पीठ पर कुछ एसिड डाल दिया। इसके बाद उसने अपने पति अर्पित और ससुराल वालों के साथ पुलकित की पत्नी और अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। दोनों ने योजना बनाई थी कि इन सबके जेल जाने के बाद दोनों शादी कर लेंगे लेकिन, जांच में उनकी पोल खुल गई और पकड़े गए।