मैनपुरी। लोकसभा चुनाव का जोर शोर अब तेजी पकड़ने लगा है। सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। वहीं यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव को फिर चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाने उतर आई हैं। इस सीट पर तीसरे चरण में मतदान होना है और यहां चुनाव को लेकर माहौल गरमा गया है। डिंपल यादव ने अपना नामांकन जमा किया। नामांकन फॉर्म में डिंपल यादव की संपत्ति का विवरण दिया उससे साफ है कि डिंपल करोड़पति हैं। वहीं, शपथ पत्र में अखिलेश यादव की संपत्ति का भी विवरण दिया गया है। वे भी करोड़पति हैं। 
डिंपल यादव ने दिसंबर 2022 में हुए मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) की तरफ से मैदान में उतरी थी। नवंबर में जमा कराए गए शपथ पत्र के अनुसार, डिंपल यादव 14 करोड़ 32 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति थी। लेकिन लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भरे गए नामांकन फॉर्म में डिंपल की संपत्ति अभी 15 करोड़ 50 लाख रुपये के आसपास है। करीब 17 महीने में डिंपल की संपत्ति में 1 करोड़ 18 लाख रुपये बढ़ी है।
मैनपुरी सांसद डिंपल यादव और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भले ही महंगी कारों में नजर आते हैं लेकिन दोनों के पास कोई कार नहीं है। नामांकन पत्र में डिंपल यादव कुल 15.5 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति की मालकिन हैं। उनके पास कैश 5,72,447 रुपये हैं। डिंपल यादव के पास 5.10 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति है। वहीं, वह 10.44 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति उनके नाम पर है। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पास 25,71,804 रुपये कैश हैं। अखिलेश यादव 9.12 करोड़ रुपए की चल संपत्ति के मालिक हैं। वहीं, उनके नाम पर 17.22 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति है।
डिंपल यादव की संपत्ति में लगातार बढ़ रही है। 2009 में पहली बार डिंपल यादव चुनावी मैदान में उतरी थी। उस समय  उनकी संपत्ति करीब दो करोड़ रुपये थी। वर्ष 2012 में डिंपल यादव ने कन्नौज से लोकसभा उप चुनाव में उम्मीदवारी पेश की। तीन सालों में उनकी चल-अचल संपत्ति में करीब सात करोड़ बढ़ गई थी। 2012 में डिंपल की चल- अचल संपत्ति बढ़कर 9.03 करोड़ हो गई। डिंपल यादव के खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।  
डिंपल यादव को हीरे-जेवर का शौक है। उनके पास 2.774 किलोग्राम से अधिक सोने के गहने हैं और 127.75 कैरेट का हीरा है। इसकी कीमत 59,76,687 रुपये बताई गई है। साथ ही, डिंपल 203 ग्राम मोती भी रखती हैं। उनके पास 1.25 लाख रुपये का एक कंप्यूटर है। डिंपल के पति अखिलेश यादव के पास 76 हजार रुपये से अधिक का मोबाइल फोन हैं। साथ ही, वह 5.34 लाख रुपये की एक्सरसाइज मशीन रखे हुए हैं। उनके पास 1.6 लाख रुपये से की क्रॉकरी भी है। डिंपल यादव के नाम पर 74.44 लाख रुपये से अधिक का कर्ज है। वहीं, अखिलेश यादव 25.40 लाख रुपये से अधिक का कर्ज लिए हुए हैं। अखिलेश के नाम पर लखनऊ और सैफई में जमीन भी है।