भोपाल । विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू होने के साथ ही राजनीतिक पार्टियों ने अपना पूरा फोकस चुनाव पर केंद्रीत कर दिया है। इस कड़ी में मंगलवार को भाजपा कार्यालय में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। भाजपा कोर कमेटी की बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा का रोडमैप तैयार किया गया है। भाजपा सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने निर्णय लिया है कि इस बार हर अंचल के लिए अलग से चुनाव प्रभारी बनाया जाएगा, ताकि रणनीति का सही से क्रियान्वयन और मॉनीटरिंग हो सके। वहीं जन आशीर्वाद यात्रा पर फिलहाल सहमति नहीं बन पाई है।
गौरतलब है की चुनावी साल में भाजपा हर स्तर पर मंथन कर रणनीतियों का क्रियान्वयन कर रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में करीब 5 घंटे तक प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी की बैठक चली। यह बैठक विधानसभा चुनाव की दृष्टि से तैयारियों पर हुई। बैठक में अलग-अलग समूहों को जो काम किए गए थे, उनकी समीक्षा की गई है। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि इस बार हर अंचल के लिए अलग से चुनाव प्रभारी बनाया जाए। भाजपा दफ्तर में कमेटी की बैठक करीब 5.30 बजे से रात साढ़े दस बजे तक चली। इसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व ज्योतिरादित्य सिंधिया, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ तमाम सदस्य मौजूद रहे।


विकास और गरीब कल्याण पर फोकस
भाजपा की कोर कमेटी की बैठक से ये साफ हो गया है कि भाजपा किन मुद्दों पर चुनाव लडऩे जा रही है और किन मुद्दों पर विपक्ष को घेरने वाली है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि आने वाला चुनाव विकास और गरीब कल्याण के बिंदुओ पर भाजपा चुनाव लड़ेगी। भाजपा हर विधानसभा में सम्मेलन आयोजित करने की योजना बना रही है। साथ ही युवा मोर्चा हर विधानसभा में देश भक्ति के भाव से तिरंगा यात्रा निकालेगा।


जन आकांक्षाओं पर बनेगा संकल्प पत्र
वीडी शर्मा ने बताया कि पार्टी ने 51 प्रतिशत वोट शेयर, बूथ विजय का संकल्प पर भी चर्चा हुई है। 51 प्रतिशत वोट शेयर के साथ जो जन आकांक्षाएं हैं उनका संकल्प पत्र बनाकर भाजपा प्रदेश के विधानसभा चुनावों में आएगी। वीडी शर्मा ने बताया कि हर विधानसभा में पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन आयोजित होंगे। इस दौरान कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए वीडी शर्मा ने कहा, ‘कांग्रेस सरकार के समय जो बीमारू राज्य था, मिस्टर बंटाधार के समय, दिग्विजय सिंह के समय जो मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था। जिसे भारतीय जनता पार्टी ने विकसित बनाया है अब भाजपा उसे स्वर्णिम मप्र बनाने के संकल्प के साथ चुनाव लड़ेगी।


पांच जगहों से संत रविदास यात्रा
भाजपा की प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी में फिर जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर सहमति नहीं बन पाई। अब इस मामले में फिर आगे बात होगी। इस बीच यह जरूर तय हो गया कि पांच जगहों से संत रविदास यात्रा निकाली जाएगी जो 12 अगस्त को सागर में जाकर पूरी होगी। इसमें सभी जगहों से मिट्टी और नदियों से जल एकत्रित करके इसे सागर लाया जाएगा। यहीं 100 करोड़ में बनने वाले संत रविदास मंदिर का काम शुरू किया जाएगा। भाजपा ने इसी के साथ अजा वर्ग को साधने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। संत रविदास की यात्राएं अलग-अलग जगहों से अलग तारीखों में निकलेंगी, लेकिन पहुंचेंगी एक ही दिन। यात्राओं में बड़े नेताओं को शामिल होने की अनिवार्यता की गई है।


करीब 18 प्रजेंटेशन हुए
कोर कमेटी के सामने मंत्रियों का प्रेजेंटेशन भी हुआ। बैठक ममें मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, मोहन यादव, विश्वास सारंग और इंदर सिंह परमार भी मौजूद रहे। इन्हें पार्टी ने युवाओं के साथ सोशल मीडिया और आकांक्षी विधानसभाओं का काम दिया गया था। कमेटी के सामने सभी का प्रेजेंटेशन हुआ। मोर्चा के लोगों को भी बुलाया गया। करीब 18 प्रजेंटेशन हुए। अंत में कुछ यात्राओं को फाइनल कर दिया गया। इसमें संत रविदास के साथ युवा मोर्चा की तिरंगा यात्रा शामिल है। महिलाओं को भी लाड़ली बहना को नीचे तक पहुंचाने का काम दिया गया है। इसमें वे गांव-गांव और मोहल्लों में छोटे कार्यक्रम कर सकती हैं। जन आशीर्वाद को लेकर संभावना व्यक्त की जा रही है कि अलग-अलग जगहों से यात्राएं निकलेंगी, जिसमें मुख्यमंत्री शामिल होंगे।


भाजयुमो तिरंगा यात्रा निकालेगा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, विधानसभा चुनाव की दृष्टि से तैयारियों पर बैठक संपन्न हुई है। बैठक में अलग-अलग समूहों को जो काम किए गए थे, उनकी समीक्षा की गई है। हम सब लोगों ने चुनाव की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया है। आने वाला चुनाव विकास व गरीब कल्याण के बिंदुओं पर भाजपा लड़ेगी। इसमें फोकस रहेगा कि कांग्रेस सरकार के समय मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था, जिसे भारतीय जनता पार्टी ने विकसित बनाया है। अब भाजपा स्वर्णिम मध्यप्रदेश का संकल्प लेकर चुनाव में जा रही है। हर विधानसभा में पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन आयोजित होंगे। इसके साथ युवा मोर्चा हर विधानसभा में देश भक्ति के भाव से तिरंगा यात्रा निकालेगा।


हर मतदाता तक पहुंचने का टारगेट
गौरतलब है कि चुनावी वर्ष में भाजपा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर हर मतदाता तक पहुंचने की रणनीति पर काम कर रही है। गौरतलब है कि प्रदेश में भाजपा नेताओं की सक्रियता पर लगातार सवाल उठ रहे थे। इसलिए प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर भाजपा हाईकमान ने इस बार मैदानी फीडबैक हासिल करने दूसरे राज्यों के कार्यकर्ताओं को तैनात किया है। ये कार्यकर्ता सांसद-विधायकों के कामकाज और फील्ड में उनकी सक्रियता का फीडबैक भी ले रहे हैं। संगठन एप पर यह फीडबैक भी दर्ज किया जा रहा है कि जनप्रतिनिधि क्षेत्र में पिछली बार कब आए थे। पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं का जुटा कहना है कि दूसरे राज्य से आए के विस्तारक दिन भर क्षेत्र में घूमते हैं और शाम को अपनी दिन भर की सक्रियता का ब्यौरा और वीडियो आदि एप पर अपलोड कर अगले दिन की तैयारी में जुट जाते हैं। बूथ और मंडल स्तर पर ये कार्यकर्ता योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा करने के साथ ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का ब्यौरा भी जुटा रहे हैं। भोपाल शहर के क्षेत्रवासियों ने भाजपा के तीनों विधायकों की सक्रियता और जनता से लगातार संपर्क का फीडबैक दिया लेकिन भोपाल उत्तर, मध्य और दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में स्थिति आज भी पूर्ववत बताई गई है। सांसद की सक्रियता पर लोगों ने सवाल खड़े किए। हर बूथ पर ये कार्यकर्ता 50- 60 लोगों से संपर्क कर संगठन के एप में उनका फीडबैक दर्ज कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता, क्षेत्रीय नागरिकों और लाभार्थियों से योजनाओं का ब्यौरा ले रहे हैं। जानकारी के अनुसार भोपाल जिले के सभी आधा दर्जन विधानसभा क्षेत्रों में पिछले तीन दिन से घूम रहे इन कार्यकर्ताओं ने स्थानीय भाजपा इकाई से कार्यक्रम और योजना संबंधी जो ब्यौरा हासिल किया गया उसका फील्ड में सत्यापन भी किया जा रहा है। बूथ समितियों से विस्तारकों को जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित पार्टी से जुड़ी प्रचार सामग्री और बूथ पर चलाए गए सेवा कार्यों का डिटेल भी जुटाया जा रहा है।