तेल अवीव: फ्लाईदुबई के विमान को हाईजैक और क्रैश करने की कथित कोशिश ने दुनिया का ध्यान खींचा है। ये घटना बुधवार को हुई, जब इजरायली यात्रियों से भरा विमान यूएई से तेल अवीव जा रहा था। पायलटों के बीच मारपीट के बाद आखिरकार इस विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतारा गया। 180 यात्रियों की जान बचने से सभी संबंधित पक्षों ने राहत की सांस ली है लेकिन कई सवाल हैं, जिनके जवाब मिलना बाकी है। इसमें एक बड़ा सवाल ये है कि ओमानी पायलट को विमान उड़ाने की इजाजत कैसे मिली, जिस पर क्रैश की कोशिश का आरोप है। दरअसल नियमों के तहत ओमानी नागरिक पायलट बनकर इजरायल में जा ही नहीं सकता है। सवाल है कि क्या ये किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था।
फ्लाईदुबई के विमान को जिस पायलट ने साथी पायलट को चाकू मारकर क्रैश करने की कोशिश की, उसे ओमान का बताया जा रहा है। इजरायली मीडिया ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से यह दावा भी किया है कि आरोपी पायलट कट्टरपंथी विचारधारा से प्रेरित था और उसने महिलाओं के साथ हाथ मिलाने से भी इनकार किया था।
ओमानी कैसे बन गया पायलट?
बुधवार को जो फ्लाइट इजरायल आ रही थी, वह यूएई की फ्लाईदुबई एयरलाइन की है। इजरायल और फ्लाईदुबई के बीच एक समझौता है। यह समझौता कहता है कि विमान के पायलट उन्हीं देशों से होने चाहिए, जिनके इजरायल के साथ राजनयिक संबंध है। अरब में यूएई समेत कुछ चुनिंदा देशों ही इजरायल को मान्यता देते हैं। ओमान इनमें शामिल नहीं है।
ओमान और इजरायल के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं। ओमान ने अभी तक इजरायल को मान्यता नहीं दी है। ऐसे में समझौते के हिसाब से देखें तो ओमान का पायलट इजरायल में नहीं जा सकता है। इससे ये सवाल उठ रहा है कि क्या ये किसी साजिश के तहत हुआ क्योंकि किसी भी फ्लाइट की कई स्तर की जांच होती है और स्टाफ का पूरा रिकॉर्ड होता है।
इजरायल कर रहा जांच
इजरायली मीडिया ने सूत्रों के हवाले से बताया कि आमतौर पर अमीराती पायलट ही इजरायल के लिए उड़ान भरते हैं। ओमान के पायलट का इजरायल आना सामान्य बात नहीं है। ऐसे में इजरायली एजेंसी इस बात की जांच कर रही हैं कि ओमानी पायलट को तेल अवीव जाने वाले विमान को उड़ाने के लिए मंजूरी कैसे मिल गई। जानिए इस मामले में अब तक क्या-क्या हुआ है।
- दुबईफ्लाई की उड़ान FZ 1073 बुधवार को करीब 180 यत्रियों को लेकर यूएई से इजरायल जा रही थी।
- विमान के उड़ान भरने के कुछ समय बाद इससे इमरजेंसी सिग्नल मिला, जो हाईजैक के समय दिया जाता है।
- जॉर्डन के एयरस्पेस से ये इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया। इसके कुछ देर बाद विमान सऊदी की ओर मोड़ दिया गया।
- विमान से सिग्नल मिलने के बाद इजरायल में हलचल मच गई और लड़ाकू विमानों को भी अलर्ट मोड पर कर दिया गया।
- इसके कुछ ही देर बाद फ्लाईदुबई की फ्लाइट के सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने की बात सामने आई।
- लैंडिंग के बाद सामने आया कि को-पायलट ने पायलट पर हमला करते हुए प्लेन क्रैश की कोशिश की लेकिन इसे बचा लिया गया।
- सऊदी अरब में लैंडिंग के बाद सामने आया है कि जिस पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की, वह ओमान का नागरिक है।



