जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां धरनगांव में एक स्थानीय नेता ने क्रिकेट टूर्नामेंट में आमंत्रित न किए जाने से नाराज होकर पिच पर ही ट्रैक्टर चला दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह नेता धरनगांव नगर परिषद के अध्यक्ष हैं। वह टूर्नामेंट में बुलाए न जाने पर आयोजकों से नाराज चल रहे थे।
टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान हंगामा
जानकारी के अनुसार, धरनगांव में एक एमएलए क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया गया था। टूर्नामेंट के फाइनल मैच को लेकर क्रिकेट आयोजकों की तैयारियां जोरों पर थी। टूर्नामेंट के खिलाड़ियों और दर्शकों में भी भारी उत्साह नजर आ रहा था। इसी दौरान क्रिकेट के स्टेडियम में एक ऐसी घटना घटी, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों के उत्साह पर पानी फिर गया। एक स्थानीय नेता ने तेज रफ्तार ट्रैक्टर क्रिकेट स्टेडियम में ही घुसा दिया। इतना ही नहीं, नेताजी ने ट्रैक्टर के हल की मदद से क्रिकेट पिच को पूरी तरह से बर्बाद भी कर दिया। इसके बाद वह ट्रैक्टर लेकर आराम से चलते बने। खेल प्रेमियों में अब स्थानीय नेता को लेकर काफी गुस्सा है।
गुस्से में आकर उठाया यह कदम
इस घटना के बाद क्रिकेट आयोजकों ने खेलने के असुरक्षित हालात को देखते हुए मैच को रद्द कर दिया। इस मामले को लेकर एक अधिकारी ने बताया कि नगर परिषद के अध्यक्ष ने गुस्से में आकर यह कदम उठाया। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि इस मामले में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं दर्ज की गई है।



