निशिन: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के क्वार्टर फाइनल में जापान को सिर्फ 57 रनों पर ऑलआउट कर दिया है। टॉस का सिक्का भारत के पक्ष में गिरा। डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जापान की पारी आखिरी ओवर में सिर्फ 57 रनों पर सिमट गई। महिला एशिया कप में इसी महीने भारत ने पाकिस्तान को 55 रनों पर ऑलआउट कर दिया था। जापान ने पाकिस्तान से दो रन ज्यादा बना दिए।
श्री चरणी ने चार विकेट चटकाए
भारतीय महिला टीम के लिए श्री चरणी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में 10 रन देकर 4 विकेट लिए। इसमें दो मेडन ओवर भी थे। चरणी महिला टी20 रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज भी हैं। वहीं शेफली वर्मा को दो जबकि दीप्ति शर्मा और कमबैक कर रहीं श्रेयंका पाटिल को 1-1 विकेट मिला। जापान की महिला टीम को दो बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौटीं।
पावरप्ले में नहीं गिरा कोई विकेट
पावरप्ले में जापान ने अच्छी बैटिंग की और भारत को एक भी विकेट नहीं लेने दिया। जापान की तरफ से ओपनर अयाका काटो स्टैफोर्ड ने सबसे बड़ी 25 रनों की पारी खेली। इसके लिए उन्होंने 47 गेंदों का सामना किया। उनके साथ ओपनिंग के लिए आईं हरुकी इवासाकी ने 10 रन बनाए। भारतीय टीम की तरफ से दिए गए 7 अतिरिक्त रन तीसरा हाईएस्ट स्कोरर रहा।
चार जापानी बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल पाईं। कप्तान माई यानागिदा गोल्डन डक हुईं तो अहिल्या चंदेल, एरिका तोगुची क्वीन और नोनोहा योसुमोटो भी रन नहीं बना पाईं।



