नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका नहीं मिला। वह तीनों मैच में बेंच पर ही बैठे रहे। इस वजह से कई पूर्व खिलाड़ियों ने टीम मैनेजमेंट की आलोचना भी की। हालांकि, कोच गौतम गंभीर ने साफ कर दिया है कि जब तक अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, तब तक उन्हें इंतजार करना होगा। उनका संदेश साफ था कि वैभव को लंबा इंतजार करना होगा।
वैभव को इंतजार करना होगा
गंभीर ने कहा, ‘वैभव के नजरिए से यह बहुत साफ बात थी कि उसे अपने मौके का इंतजार करना होगा। हम जानते हैं कि उसमें किस तरह का टैलेंट है और वह क्या कर सकता है, लेकिन जो पिछले दो-तीन साल से अच्छा कर रहा है, वह हमेशा उस खिलाड़ी से आगे रहेगा जो अभी टीम में आया है। जब भी उसे मौका मिलेगा तब लंबे समय के लिए मौका मिलेगा। इंडियन क्रिकेट ऐसा ही है, हम ड्रेसिंग रूम में कॉम्पिटिशन और टैलेंट चाहते हैं, लेकिन क्रिकेट ऐसे ही चलता है। चाहे आप 15 साल के हों या 30 साल के आपको अपने मौके का इंतजार करना ही पड़ता है।’
वर्ल्ड कप वाले कॉम्बिनेशन पर कोच का भरोसा
कोच गंभीर ने कहा, ‘इस सीरीज में हम साफ तौर पर पता था कि हम वर्ल्ड कप वाले कॉम्बिनेशन पर वापस जाना चाहते हैं। क्योंकि वे लोग, तीन या चार बार फेल होने के बाद बुरे खिलाड़ी नहीं बन जाते। हमने जो क्रिकेट खेला है। अगर कोई टीम एक वर्ल्ड कप से दूसरे वर्ल्ड कप तक बिना हारे रही है और वर्ल्ड कप जीती है, तो मुझे यकीन है कि वह एक जबरदस्त टीम है। अचानक, यह एक या दो सीरीज के बाद बुरी टीम नहीं बन जाती, और ये लोग दो या तीन बार फेल होने के बाद बुरे खिलाड़ी नहीं बन जाते। यही इन लोगों ने यहां भी दिखाया है।’
अच्छे प्रदर्शन के बावजूद बाहर हैं सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने लगातार तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बने। इसके बाद भारतीय टीम के लिए मौका मिलने पर भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन टीम में उनके लिए जगह नहीं बन पा रही है। इससे फैंस और कई पूर्व क्रिकेटर भी नाराज हैं।



