वॉशिंगटन: टेक अरबपति ब्रायन जॉनसन लंबे समय से चर्चा में रहे हैं। इसकी वजह उनका एक मुश्किल दिनचर्या का पालन करते हुए बढ़ती उम्र को रोकना और मौत को टालने की कोशिश है। हालांकि एक्सपर्ट को लगता है कि हमेशा जिंदा रहने की उनकी चाहत तमाम कोशिशों के बावजूद पूरा होना संभव नहीं है।फिजिसिस्ट प्रोफेसर जिम अल-खलीली का कहना है कि टेक अरबपति अपनी जिंदगी को हमेशा के लिए बढ़ाने की कोशिश में सिर्फ अपना समय बर्बाद कर रहे हैं।
द गार्डियन को दिए एक इंटरव्यू में अल-खलीली ने कहा कि जो लोग बुढ़ापे को रोकने की कोशिश में बहुत ज्यादा समय और पैसा खर्च करते हैं, वे शायद उस समय की अहमियत को नहीं समझ पा रहे हैं जो उनके पास पहले से है। अल-खलीली ने कहा कि ब्रह्मांड में इंसान के पास समय का एक सीमित हिस्सा होता है। ऐसे में अपने पास मौजूद समय का सबसे अच्छा इस्तेमाल करना चाहिए।
क्या है जॉनसन की कोशिश
दुनिया में कुछ अमीर लोग ऐसे इलाज और प्रयोगों की ओर रुख कर रहे हैं, जिनका मकसद बुढ़ापे की प्रक्रिया को धीमा करना है। ऐसे ही एक शख्स टेक एंटरप्रेन्योर ब्रायन जॉनसन हैं। वह लगातार ऐसे काम कर रहे हैं, जिससे बुढ़ापा ना आए और वह हमेशा जिंदा रह सकें। वह अपने 17 साल के बेटे का प्लाज्मा अपने शरीर में डलवाने की कोशिश कर चुके हैं। हालांकि उन्होंने खुद माना कि इससे कोई फायदा नहीं हुआ।
समय का रहस्य
समय केवल एक ही दिशा में क्यों चलता हुआ दिखाई देता है। इस पर भौतिक विज्ञानी खलीली ने कहा, ‘चीजें खराब हो जाती हैं, बैटरी खत्म हो जाती है, गेंदें ढलान पर नीचे लुढ़कती हैं और हम बूढ़े होते हैं। ये सब समय की एक दिशा की ओर इशारा करती हैं। फिर भी मूल रूप से हमारे समीकरण कहते हैं कि समय में कोई खास दिशा नहीं होती है।’



