अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर बनकर दर्शकों के सामने लौटने के लिए तैयार हैं। शुक्रवार, 02 अक्टूबर को ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी के तीसरा पार्ट ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ रिलीज होने वाला है। फिल्म के लिए बंपर एडवांस बुकिंग हो रही है। फैंस में जबरदस्त एक्साइटमेंट है। पिछली दोनों फिल्मों में जिस तरह कहानी ने दर्शकों को आखिरी मिनट तक उलझाए रखा, उसके बाद अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि विजय इस बार अपने परिवार को बचाने के लिए क्या नया खेल खेलने वाला है। खास बात यह भी है कि इस बार कहानी मोहनलाल की मलयालम फिल्म से अगल होगी। इस बीच फिल्म की स्टारकास्ट की कथित फीस को लेकर भी रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें विजय सलगांवकर बनने के लिए अजय देवगन से सबसे मोटी रकम वसूली है। उनकी फीस मीरा देशमुख का किरदार निभाने वाली तब्बू से 528% अधिक बताई जा रही है।
अभिषेक पाठक के डायरेक्शन में बनी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का बजट ₹130 करोड़ बताया जा रहा है। वहीं, ‘टाइम्स नाउ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन ने इस बार अपनी फीस कम की है। उन्होंने 2022 की सुपरहिट ‘दृश्यम 2’ के लिए ₹30 करोड़ चार्ज किए थे। हालांकि, मेकर्स ने इन आंकड़ों को ऑफिशियली कन्फर्म नहीं किया है।
विजय सलगांवकर बनने के लिए अजय देवगन को मिले कितने करोड़?
‘दृश्यम’ में विजय सलगांवकर का किरदार सिर्फ एक पिता का नहीं, बल्कि अपनी फैमिली को बचाने के लिए हर कदम सोच-समझकर उठाने वाले शख्स का है। यही वजह है कि अजय देवगन का यह किरदार फ्रैंचाइजी की सबसे बड़ी पहचान बन गया है। अब तीसरे और आखिरी पार्ट में एक बार फिर अजय उसी किरदार में लौट रहे हैं। रिपोर्ट की माने तो इस फिल्म के लिए उनकी फीस करीब 18 करोड़ से 22 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि ‘दृश्यम 2’ के लिए उन्होंने कथित तौर पर 30 करोड़ रुपये चार्ज किए थे। यानी रिपोर्ट किए गए आंकड़ों के हिसाब से तीसरे पार्ट के लिए उनकी फीस पिछली फिल्म से कम है। हालांकि, ऐसा क्यों है, इसकी कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।
फिल्म में कितनी है तब्बू की फीस ?
फिल्म में मीरा देशमुख के किरदार में नजर आने वाली तब्बू भी फ्रैंचाइजी का अहम हिस्सा हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, तब्बू को ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के लिए करीब 2.5 करोड़ से 3.5 करोड़ रुपये फीस मिल रही है। विजय और मीरा देशमुख के बीच चलने वाली दिमागी जंग ‘दृश्यम’ की कहानी का सबसे अहम हिस्सा रही है। ऐसे में तीसरे पार्ट में दोनों किरदारों की टक्कर किस मोड़ पर पहुंचेगी, इसे लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता है।
श्रिया सरन और इशिता दत्ता की फीस
फिल्म में नंदिनी सलगांवकर का किरदार निभाने वाली श्रिया सरन भी तीसरे पार्ट में वापसी कर रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, श्रिया सरन को करीब 1 करोड़ रुपये फीस मिल रही है। वहीं, विजय और नंदिनी की बड़ी बेटी अंजू के किरदार में नजर आने वाली इशिता दत्ता को कथित तौर पर 50 लाख रुपये से 80 लाख रुपये के बीच फीस दी जा रही है। अंजू का किरदार भी पिछली दोनों फिल्मों की कहानी में काफी अहम रहा है। ऐसे में तीसरे पार्ट में उसके किरदार की कहानी किस दिशा में जाती है, यह भी देखने वाली बात होगी।
रजत कपूर और जयदीप अहलावत की कितनी फीस?
फिल्म में महेश देशमुख का किरदार निभाने वाले रजत कपूर को लेकर रिपोर्ट में बताया गया है कि उन्हें 40 लाख रुपये से 70 लाख रुपये के बीच फीस मिल रही है। वहीं, ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में जयदीप अहलावत भी एक अहम भूमिका में दिखाई देंगे। हालांकि, उनकी फीस को लेकर कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है।
तीसरे पार्ट में कहानी होगी बिल्कुल नई
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। यह ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी की तीसरी और आखिरी फिल्म बताई जा रही है। खास बात यह है कि पिछली दोनों फिल्मों के विपरीत इस बार कहानी ओरिजिनल होगी। यानी तीसरे पार्ट की कहानी मलयालम फिल्म की कहानी से अलग होगी यही वजह है कि दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है कि आखिर विजय सलगांवकर की कहानी को इस बार किस तरह खत्म किया जाएगा।
एक बार फिर आमने-सामने होंगे विजय और मीरा
‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी में अब तक विजय सलगांवकर और पुलिस अधिकारी मीरा देशमुख के बीच की जंग ने कहानी को आगे बढ़ाया है। एक तरफ विजय हर बार अपने परिवार को बचाने के लिए नई चाल चलता नजर आया, तो दूसरी तरफ मीरा सच तक पहुंचने की कोशिश करती रही। अब तीसरे पार्ट में कहानी अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंचने वाली है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विजय एक बार फिर कानून को मात दे पाएगा या इस बार मीरा देशमुख उसके बनाए पूरे खेल को खत्म कर देगी? फिल्म में अजय देवगन, जयदीप अहलावत, तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, प्रकाश राज, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव अहम भूमिकाओं में हैं। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।



