वॉशिंगटन/नई दिल्ली: भारतीय पत्रकार राणा अय्यूब (Rana Ayyub) के एक ट्वीट को लेकर उनकी अमेरिकी वीजा रद्द करने की मांग की गई है। अमेरिका की दक्षिणपंथी नेता और चर्चित इन्फ्लुएंसर लॉरा लूमर (Laura Loomer), जो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेहद करीबी हैं उन्होंने राणा अय्यूब का वीजा रद्द करने की मांग की है। लॉरा लूमर ने राणा अय्यूब पर तीखा हमला बोलते हुए उनके अमेरिकी वीजा (US Visa) को रद्द करने और उन्हें तुरंत डिपोर्ट यानि देश से वापस भेजने की मांग की है।
राणा अय्यूब कहां रहती हैं और क्या उन्हें अमेरिकी वीजा जारी किया गया है इस बाबत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन को कोई जानकारी नहीं है। दरअसल यह पूरा बवाल राणा अय्यूब के उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद शुरू हुआ जिसमें उन्होंने पीएम मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आपसी संबंधों को लेकर एक टिप्पणी की थी। उनका ये ट्वीट इजरायल जा रहे ‘फ्लाईदुबई’ फ्लाइट को क्रैश करवाने की कोशिशों के बाद आया है जिसमें भारतीय पायलट की दुनियाभर में तारीफ की जा रही है और उन्हें हीरो बताया जा रहा है।
पीएम मोदी और नेतन्याहू पर क्या था राणा अय्यूब का ट्वीट?
इस विवाद की शुरुआत राणा अय्यूब के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गये एक पोस्ट से हुई। उन्होंने भारत के दक्षिणपंथी खेमे और इजरायल के संबंधों पर निशाना साधते हुए लिखा ‘भारत के दक्षिणपंथी गुट का इजरायल और नेतन्याहू के प्रति लगाव असल में एक ही बात पर टिका है। मुसलमानों के प्रति उनकी गहरी नफरत। मोदी और नेतन्याहू के लिए उनकी तारीफ भी इसी सोच से आती है। ऐसे नेता जो मुसलमानों को दबाकर रखेंगे और दुनिया में उन्हें ‘उनकी औकात दिखाएंगे’।’
‘राणा अय्यूब को डिपोर्ट करो’, लॉरा लूमर का तीखा पलटवार
राणा अय्यूब की इस टिप्पणी पर अमेरिकी कंजरवेटिव नेता लॉरा लूमर ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सीधे तौर पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को टैग करते हुए राणा अय्यूब के खिलाफ सख्त एक्शन की मांग कर डाली। लूमर ने अपने पोस्ट में लिखा ‘इस महिला के पास वीज़ा कैसे है? मार्को रूबियो, आपको इसका वीजा छीन लेना चाहिए।’ उन्होंने अय्यूब को ‘फॉरेन एजिटेटर’ यानि विदेशी उपद्रवी करार देते हुए कहा कि अमेरिका में ऐसे लोगों को वीज़ा क्यों दिया जाता है और उन्हें तुरंत डिपोर्ट किया जाना चाहिए।



