नई दिल्ली: आईसीसी द्वारा वनडे विश्व कप 2027 के आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही क्रिकेट गलियारों में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने इस नए फॉर्मेट और शेड्यूल को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर जोरदार तंज कसा है। मुख्य टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों को दो समूहों (ग्रुप ए और ग्रुप बी) में बांटा गया है। भारत, ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान को ग्रुप ए में जगह मिली है, जिसमें एक क्वालीफायर टीम और जुड़ेगी।
पार्थिव पटेल का करारा हमला
स्टार स्पोर्ट्स पर आईसीसी के नए प्रारूप और मैचों के शेड्यूल पर चर्चा करते हुए पार्थिव पटेल ने पाकिस्तान टीम की सोच और उनकी रणनीति पर चुटकी ली। उन्होंने दोनों टीमों की मानसिकता की तुलना करते हुए कहा, ‘हर टीम अपनी मानसिकता के हिसाब से सोचती है। भारतीय टीम तो यही सोच रही होगी कि उन्हें कम से कम सेमीफाइनल तक तो पहुंचना ही है। वहीं, इस शेड्यूल को देखने के बाद पाकिस्तान यह सोच रहा होगा कि ‘हम किसी तरह सुपर 7 स्टेज तक तो पहुंच ही जाएंगे, फिर वहां से आगे देखा जाएगा कि क्या होता है।’
दूसरी दौर में जगह बनाकर ही खुश हो जाएगा पाकिस्तान
पार्थिव ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि नया फॉर्मेट पाकिस्तान जैसी अनियमित प्रदर्शन करने वाली टीम के लिए किसी राहत से कम नहीं है। उन्होंने कहा, ‘इस शेड्यूल को देखकर पाकिस्तान बेहद खुश होगा। उन्हें लग रहा होगा कि वे आसानी से दूसरे दौर में अपनी जगह पक्की कर लेंगे।’ 2023 के वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया विजेता बना था, जबकि पाकिस्तान की टीम 9 मैचों में 4 जीत और 5 हार के साथ पांचवें स्थान पर रहकर सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई थी।
समझिए विश्व कप 2027 का नया फॉर्मेट
2027 विश्व कप का फॉर्मेट काफी रोमांचक रखा गया है। प्रत्येक ग्रुप से टॉप तीन टीमें सीधे सुपर 7 चरण में प्रवेश करेंगी, जबकि दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से सर्वश्रेष्ठ टीम अंतिम 7वें स्थान पर कब्जा जमाएगी। खास बात यह है कि ग्रुप स्टेज के अंक सुपर 7 में नहीं जुड़ेंगे। 25 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच खेले जाने वाले सुपर 7 में हर टीम को 6 और मुकाबले मिलेंगे जिसके बाद टॉप 4 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच से आगाज, 10 अक्टूबर को महामुकाबला
टूर्नामेंट का आगाज 7 अक्टूबर को केपटाउन में 2023 के फाइनल के रीमैच यानी भारत और डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले से होगा। वहीं, क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ा मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। इसके अलावा, सह-मेजबान दक्षिण अफ्रीका 9 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ और जिम्बाब्वे उसी दिन बुलावायो में अपने अभियान की शुरुआत करेगा।



