सोलन । भारी बा‎‎रिश के कारण लैंडस्लाइड की वजह से कालका ‎शिमला हाईवे 30 मीटर नीचे धंस गया है। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में कालका-शिमला हाईवे पर बड़ा लैंस्डस्लाइड हुआ है। यहां पर नेशनल हाईवे पूरी तरह से जमीन में समा गया है। फिलहाल, प्रशासन की मशीनरी सड़क बहाली में लगी है। सोलन पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी और कहा कि चंडीगढ़-कालका-शिमला हाईवे (एनएच-05) परवाणु के पास चक्की मोड़ पर भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। इस‎लिए लोगों को वैकल्पिक ट्रैफिक प्लान का पालन करने की सलाह दी गई है। इस समय हाईवे से मलबा हटाने का काम जारी है, जैसे ही हाईवे खुलने पर सूचित कर दिया जाएगा। प्रशासन की तरफ से दो जेसीबी लगाई गई हैं। शिमला से चंडीगढ़ जाने के लिए धर्मपुर से कलौसी होते हुए परवाणु पहुंचा जा सकता है। लेकिन इस मार्ग पर भी जाम लग रहा है। इस रुट का ट्रैफिक काम चलने तक पूरी तरह से डायवर्ट किया गया है।
लैंडस्लाइड के चलते एनएच बंद होने के बाद यातायात को वैकल्पिक सड़क जंगेशू-कसौली के लिए डायवर्ट किया गया है, लेकिन जंगेशू-कसौली सड़क पर भी ट्रैफिक जाम हो रहा है। हाईवे के बंद होने से सेब की फसल पर भी संकट है। कसौली सड़क पर ट्रकों की आवाजाही मुश्किल है। हिमाचल प्रदेश में जुलाई महीने की बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। एक से 31 जुलाई तक हिमाचल में 255.9 एमएम बारिश सामान्य तौर पर होती थी, लेकिन इस बार 437.5 एमएम बारिश हुई है। यह नॉर्मल से 71 प्रतिशत अधिक है। साल 2010 के बाद प्रदेश में इतनी बारिश कभी नहीं हुई। हालांकि, 1901 से लेकर अब तक 123 साल का यह सातवां रिकॉर्ड रेनफॉल हुआ है।