लंदन । द्वितीय विश्व युद्ध के समय के प्रतिष्ठित पुराने युद्ध कार्यालय (ओडब्ल्यूओ) का ‎हिंदूजा समूह जीर्णोद्घार करने जा रहा है। ‎मिली जानकारी के अनुसार सन् 1906 में स्थापना के बाद पहली बार एक लग्‍जरी होटल के रूप में 29 सितंबर को एक बार फिर इसके दरवाजे आम लोगों के लिए खोल दिये जायेंगे। रैफल्स लंदन के नाम से खुलने वाले इस लग्‍जरी होटल में 120 कमरे और लक्जरी आवासों, रेस्तरां और स्पा के साथ सुइट्स भी होंगे। ब्रिटेन के सबसे अमीर भारतीय मूल के समूह ने डाउनिंग स्ट्रीट के सामने स्थित इस इमारत का आठ साल पहले अधिग्रहण किया था। हिंदुजा समूह के संजय हिंदुजा ने कहा ‎कि जब हम व्हाइटहॉल आए, तो टीम इस राजसी इमारत के आकार और सुंदरता से दंग रह गई। इसे इसके पूर्व गौरव में वापस लाने और इसमें नई जान फूंकते हुए इसकी विरासत को श्रद्धांजलि देने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। उन्‍होंने कहा ‎कि ओडब्ल्यूओ में रैफल्स लंदन के साथ हम एक ऐसी विरासत बनाने की उम्मीद करते हैं जो कालातीत और नायाब दोनों हो।
इसमें सैकड़ों कारीगरों की मदद से असाधारण बदलाव किया गया है, जिसमें ऐतिहासिक आंतरिक तत्वों को ‎फिर से बहाल किया गया है। इनमें हाथ से लगाये गये मोज़ेक फर्श, ओक पैनलिंग, चमकदार झूमर और एक संगमरमर की सीढ़ी शामिल है। इमारत के सबसे ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र हेरिटेज सुइट्स, विंस्टन चर्चिल, डेविड लॉयड जॉर्ज और सर रिचर्ड हाल्डेन सहित प्रभावशाली राजनीतिक और सैन्य नेताओं के पूर्व कार्यालय हैं। इनमें से कई द व्हाइटहॉल विंग के रूप में विशेष आरक्षण के लिए उपलब्ध होंगे। यह छह-बेडरूम वाला सुइट इमारत के पश्चिमी विंग पर स्थित होगा और इसमें अधिकतम 12 मेहमान रह सकते हैं। यह लंदन में उपलब्ध सबसे बड़े लक्जरी होटल विंग में से एक है।
ओडब्ल्यूओ में रैफल्स लंदन के प्रबंध निदेशक फिलिप लेबोउफ ने कहा ‎कि रैफल्स लंदन में पुराने युद्ध कार्यालय का इतिहास अपनी शानदार वास्तुकला, सावधानीपूर्वक चुने गए इंटीरियर डिजाइन और विशाल हेरिटेज सुइट्स के माध्यम से जीवित है। हम मेहमानों को अत्यधिक व्यक्तिगत और सहज सेवा प्रदान करने के लिए उत्साहित हैं जिसके लिए रैफल्स को दुनिया भर में जाना जाता है। एक बेजोड़ स्थान पर विश्व स्तरीय रेस्तरां और बार की विविध श्रृंखला के साथ आगंतुकों को पसंद के लिए तैयार किया जाएगा।