नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 के गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अपनी आतिशी बैटिंग से मैच का रुख ही बदल दिया। अभिषेक शर्मा के आउट होने और फिर सुस्त बैटिंग के कारण धीमी पड़ी भारतीय पारी को तिलक वर्मा ने अपनी धमाकेदार बैटिंग से फिर से रफ्तार दी और भारत को 200 के पार पहुंचा दिया।
231.82 का स्ट्राइक रेट से ठोके रन
तिलक वर्मा ने मैदान पर आते ही पाकिस्तानी गेंदबाजों को निशाने पर लिया और चौके-छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने महज 22 गेंदों पर 51 रनों की आतिशी पारी खेली। तिलक वर्मा का स्ट्राइक रेट 231.82 का रहा, जो 61 रन बनाने वाले अभिषेक शर्मा के स्ट्राइक रेट से भी बेहतर था। अपनी इस पारी में तिलक ने 3 चौके और 4 कड़क छक्के उड़ाए। उनकी पारी के दौरान चौकों से ज्यादा तो छक्के ही नजर आ रहे थे। उनकी पारी की जितनी तारीफ की जाए कम होगी।
शिवम दुबे और अक्षर पटेल के साथ धमाकेदार पार्टनरशिप
अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद जब लग रहा था कि भारतीय टीम 200 के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाएगी, तब तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। तिलक ने शिवम दुबे के साथ मिलकर सिर्फ 30 गेंदों में 62 रनों की विस्फोटक साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने अक्षर पटेल के साथ मिलकर 16 रन जोड़े और भारत को एक बहुत ही मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। तिलक वर्मा की इस शानदार और तेजतर्रार पारी के दम पर ही भारतीय टीम पाकिस्तान के सामने विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही है।



