बेंगलुरु । कर्नाटक में यादगीर जिले के कोडेकल गांव में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। जिसमें 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कल दोपहर को हुई जब कांग्रेस नेता राजवेंकटप्पा नायक अपने समर्थकों के साथ 80 वाहनों में निर्वाचन क्षेत्र में एक मेले में भाग लेने के लिए यात्रा कर रहे थे। जिस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। इसके कारण दोनों पक्षों में जमकर बवाल हुआ। बताया गया कि कथित तौर पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके। कुछ हथियारों का भी जानबूझकर इस्तेमाल करने की बात कही गई। इसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर किया। हिंसक जड़प के बाद यादगीर जिले के सुरपुरा निर्वाचन क्षेत्र में 8 अप्रैल तक धारा 144 लागू कर दी गई है। दर्ज 4 प्राथमिकी  के आधार पर 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 
बता दें ‎कि कर्नाटक में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प की ये पहली घटना नहीं है। इससे पहले 18 मार्च को भी कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं में राजधानी बेंगलुरु में एक बैनर लगाने को लेकर जमकर बवाल हुआ था। कार्यकर्ताओं एक-दूसरे पर पथराव किया गया और जमकर लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस झड़प में भी दोनों पक्षों के कई लोगों को गंभीर चोटें आईं थीं।
पुलिस ने इस बारे में 3 एफआईआर दर्ज की थी। बताया गया कि ये वाकया बैनर लगाए जाने को लेकर हुआ था। बेंगलुरु के गोविंदराजनगर निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के पोस्टरों पर कथित रूप से आपत्ति जताई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजीएस स्थल पर महिला सम्मेलन से संबंधित एक सभा के लिए ये बैनर लगाए थे। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा था। इस विवाद में कई पुलिस अधिकारी भी घायल हुए थे।