उत्तर प्रदेश  के बलिया जिले से सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। माल्देपुर संगम घाट पर मुंडन संस्कार के लिए गंगा पार जा रही सवारियों से भरी नाव डूब गई। इसमें कई लोगों के डूबने की आशंका है। तीन महिलाओं के शव निकाले गए हैं। स्थानीय नाविकों और पुलिस ने 12 से ज्यादा लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। अन्य की तलाश पुलिस और गोताखोरों की टीम जुटी है। नदी से निकाले गए लोगों में से तीन महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

माल्देपुर संगमघाट पर सोमवार को मुंडन संस्कार के लिए हजारों की भीड़ जुटी। नाविक अधिक कमाई के चक्कर में नाव पर क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाकर गंगा पार करा रहे थे। इसी दौरान दर्जनों महिला-पुरुष सवार एक नाव गंगा पार जा रही थी। अभी कुछ दूर पहुंची थी कि अचानक नाव ओवरलोड होने के कारण बैठ गई। बताया जा रहा है कि नाव पर 30 से ज्यादा लोग सवार थे। नाव डूबता देख घाट पर हड़कंप मच गया। सुरक्षा में तैनात जवानों और स्थानीय नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए छोटी नाव से डूब रहे लोगों को बचाया। तीन महिलाओं के शव बरामद हुए। अन्य की तलाश जारी है।