मुंबई । महाराष्ट्र भाजपा ने अपने नेता और पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा सरकार में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का चार साल पुराना वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने घोषणा की थी कि मैं राज्य की कमान संभालूंगा। वीडियो के सामने आने के साथ ही राज्य में राजनीतिक अटकलें तेज हो गईं है। हालांकि, दो घंटे बाद पोस्ट को डिलीट कर दिया गया। राज्य भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया, मैं एक नए महाराष्ट्र के निर्माण के लिए वापस आऊंगा। 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले, तत्कालीन मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा था, मी पुन्हा येइन (मैं वापस आऊंगा) इस टिप्पणी पर कई सोशल मीडिया मीम्स बने। भले ही पोस्ट को डिलीट कर दिया गया हो लेकिन इसकी समय को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
महाराष्ट्र लगातार राजनीतिक सुर्खियों में बना रहता है। भले ही मुख्यमंत्री पद की कमान एकनाथ शिंदे के हाथों में हो लेकिन कहीं ना कहीं उन्हें लेकर चर्चाओं का दौर लगातार जारी रहता है। इसकारण है कि भाजपा बार-बार यह कहती रही है कि शिंदे अपना कार्यकाल पूरा करने वाले हैं। राज्य में एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री हैं। लेकिन बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा की बदौलत शिंदे मुख्यमंत्री पद पर बने हुए हैं। जब से अजित पवार शिंदे भाजपा सरकार में शामिल हुए हैं, उसके बाद से मुख्यमंत्री पद को लेकर भी अटकलें का दौरा और तेज हो गया है। फडणवीस अब महाराष्ट्र में दो उपमुख्यमंत्रियों में से एक हैं, दूसरे राकांपा के विद्रोही गुट के अजित पवार हैं।
महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने कहा कि पोस्ट किए गए वीडियो से कोई अन्य निष्कर्ष निकालने की आवश्यकता नहीं है। पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने दावा किया कि वीडियो एक ‘‘उत्साही’ पार्टी कार्यकर्ता ने पोस्ट किया था और उसका गलत मतलब नहीं निकाला चाना चाहिए। बावनकुले ने कहा कि आगामी चुनाव मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। वह लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की तैयारी के हिस्से के तहत पालघर जिले के दौरे पर थे।