भोपाल, भोपाल के मिसरोद स्थित संजय नगर में नाली की सफाई का वीडियो सोशल मीडिया पर डालना एक युवक को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने से नाराज पार्षद पति ने युवक को रात 12 बजे फोन कर रामलीला मैदान बुलाया।
मैदान के पास युवक को घेरकर मारपीट की गई। बेटे को बचाने पहुंचे 60 वर्षीय पिता को भी डंडे से पीटा, जिससे उनके माथे पर चोट आई और खून निकलने लगा। मामले में पूर्व पार्षद रामबाबू पाटीदार समेत कई लोगों पर मारपीट के आरोप लगे हैं।
गुरुजी कर रहे थे नाली साफ
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक मुरलीधर पाटीदार (60) संजय नगर में रहते हैं और खेती करते हैं। उनके गुरुजी गिरीश शर्मा के घर की नाली चोक हो गई थी। गुरुजी नाली साफ कर रहे थे, तभी उनके बेटे अजय पाटीदार ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद रामबाबू पाटीदार नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने रात करीब 12 बजे अजय को फोन कर रामलीला मैदान बुलाया। रामबाबू की पत्नी और बेटे ने भी फोन कर उसे वहां आने के लिए कहा।
मंदिर से लौटते समय रास्ते में घेरा
अजय के पिता के मुताबिक, 1 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे अजय हनुमान मंदिर से रामलीला मैदान की ओर आ रहा था। मैदान के पास रामबाबू पाटीदार, उनके भाई रामानंद पाटीदार, नरेश पाटीदार और अमन पाटीदार ने उसे रोक लिया।
उन्होंने नाली साफ कराने को लेकर सवाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर रामबाबू और रामानंद ने अजय को हाथ-मुक्कों से पीटा और जमीन पर गिराकर जूते-लात मारी। उसका गला दबाने का भी आरोप है। इस दौरान नरेश पाटीदार ने भी मारपीट की।
बेटे को बचाने पहुंचे पिता के माथे पर डंडा मारा
मुरलीधर पाटीदार के मुताबिक, वे खेत की तरफ जा रहे थे। बेटे को पिटता देख बीच-बचाव करने पहुंचे तो नरेश का बेटा अंशुल और रामबाबू का बेटा अमन भी वहां आ गए।
आरोप है कि नरेश पाटीदार ने उनके सिर पर डंडा मार दिया, जिससे खून निकलने लगा। रामबाबू के बड़े भाई के बेटे निखिल पर भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। शिकायत में घटना के दौरान आसपास लोगों और राहगीरों के मौजूद होने का भी उल्लेख है।
दो सेकंड का वीडियो, पिता-पुत्र का मेडिकल
अजय पाटीदार ने बताया कि घटना का करीब दो सेकंड का वीडियो उनके पास है। इसमें उन्हें जमीन पर गिराकर लातों से मारते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद उनका एमआरआई और सीटी स्कैन कराया जाना था।
वर्तमान पार्षद के पति हैं रामबाबू
अजय के मुताबिक, रामबाबू पाटीदार पूर्व पार्षद रह चुके हैं। उनकी पत्नी शीला रामबाबू पाटीदार वर्तमान में वार्ड 52 की पार्षद हैं। इसी वजह से मारपीट के मामले में पार्षद पति का नाम भी चर्चा में है।



