नई दिल्ली: सोने की कीमत 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार चली गई है। सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 99,800 रुपये के भाव पर बंद हुआ। अगर इसमें तीन फीसदी जीएसटी जोड़ लिया जाए तो इसकी कीमत 1 लाख रुपये के पार पहुंच जाएगी। सोने की कीमत में उछाल पर देश के सबसे अमीर बैंकर उदय कोटक ने भारतीय महिलाओं को सलाम किया है। उनका कहना है कि वे दुनिया की सबसे समझदार फंड मैनेजर हैं। कोटक महिंद्रा बैंक के फाउंडर उदय कोटक ने कहा कि सोना एक ऐसी चीज है जो हमेशा काम आती है। उन्होंने भारतीय घरों में सोने में निवेश करने के तरीके की तारीफ की।



