Spread the love

नई दिल्ली: चीन की एक डिफेंस कंपनी के शेयर इस समय बुरे दौर से गुजर रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण पाकिस्तान का झूठ है, जिसे भारत ने दुनिया के सामने उजागर कर दिया है। दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने चीन में बने फाइटर प्लेन का भी इस्तेमाल किया था। इसमें J-10 फाइटर जेट भी शामिल रहा, जिसे चीनी कंपनी AVIC Chengdu (चेंगदू) ने बनाया है। पाकिस्तान के झूठ के कारण इस कंपनी के शेयर में एक महीने में 18 फीसदी तक की गिरावट आई है। गुरुवार को भी AVIC चेंगदू के शेयर लगभग 1% नीचे थे।

पाकिस्तान ने दावा किया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीनी जेट J-10 ने भारत के एक आर्मी एयरबेस को तबाह कर दिया था। लेकिन अब भारत ने पाकिस्तान के इस झूठ को बेनकाब कर दिया है। भारत ने पाकिस्तान के इस दावे को गलत साबित कर दिया है। इस वजह से भी AVIC चेंगदू के शेयर को नुकसान हुआ है।

कितनी हुई कीमत?

पिछले महीने भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक सैन्य संघर्ष चला। उस समय AVIC चेंगदू के शेयर की कीमत आसमान छू गई थी। लेकिन जैसे ही तनाव कम हुआ, शेयर की कीमत भी गिर गई। 12 मई को शेयर की कीमत 95.86 युआन के शिखर पर थी। लेकिन 12 जून को यह 18% गिरकर 78.75 युआन पर आ गई।

पाकिस्तान ने कहा था कि चीनी फाइटर जेट ने भारतीय वायुसेना के आदमपुर एयरबेस को नष्ट कर दिया है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के दावों को झूठा साबित कर दिया है। वहीं कर्नल सोफिया कुरेशी ने भी पाकिस्तान के उस दावों को झूठा बताया जिसमें कहा गया था कि उसने JF-17 जेट से भारत के डिफेंस सिस्टम S-400 और ब्रह्मोस मिसाइल बेस को नुकसान पहुंचाया है। इस वजह से भी चीनी डिफेंस स्टॉक को नुकसान हुआ है।

भारत के डिफेंस स्टॉक्स में आई तेजी

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत के डिफेंस स्टॉक्स में तेजी आई है। ideaForge Technology के शेयर पिछले एक महीने में 18 फीसदी बढ़ गए हैं। वहीं Cochin Shipyard के शेयर में 45 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है। इनके अलावा पिछले एक महीने में GRSE के शेयर में 70 फीसदी से ज्यादा, पारस डिफेंस में 16 फीसदी से ज्यादा, Zen Technologies में 30 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है।