Spread the love

बॉक्‍स ऑफिस पर बुधवार को अक्षय कुमार की मल्‍टीस्‍टारर ‘वेलकम टू द जंगल’ को झटका लगा है। बीते पांच दिनों से मिक्‍स्‍ड रिव्‍यूज के बावजूद यह फिल्‍म उम्‍मीद से बेहतर कमाई कर रही थी। लेकिन छठे दिन इसकी कमाई 33.51% गिर गई है। इस कारण करोड़ों का नुकसान हुआ है। गुरुवार को जहां यह फिल्‍म अपना पहला हफ्ता पूरा कर रही है, वहीं शुक्रवार को ‘अल्‍फा’ और ‘बेबी डू डाई डू’ की रिलीज की वजह से इसकी परेशानी और बढ़ने वाली है। दूसरी ओर, ‘मैं वापस आऊंगा’ और ‘कॉकटेल 2’ को भी नुकसान उठाना पड़ा है। आइए जानते हैं, भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर बुधवार को किसने कितनी कमाई की-

डायरेक्‍टर अहमद खान ने ‘वेलकम टू द जंगल‘ का बजट ₹125 करोड़ बताया है। हालांकि, इससे पहले यह ₹300 करोड़ बताया जा रहा था, जो इसकी लंबी-चौड़ी 30 से अध‍िक स्‍टार्स की कास्‍ट को देखते हुए लाजिमी भी लग रहा था। बहरहाल, अपनी लागत की तुलना में ‘वेलकम फ्रैंचाइजी’ की यह तीसरी फिल्‍म देश में अभी भी अच्‍छी स्‍थ‍िति में है। लेकिन शुक्रवार 03 जुलाई से हालात बदल सकते हैं, क्‍योंकि YRF स्‍पाई यूनिवर्स की ‘अल्‍फा’ एक बड़ी कर्मश‍ियल रिलीज है।

‘वेलकम टू द जंगल’ बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन: छठा दिन

Sacnilk के मुताबिक, छठे दिन ‘वेलकम टू द जंगल’ ने 9,851 शोज से देश में ₹6.15 करोड़ की नेट कमाई की है। एक दिन पहले मंगलवार को इसने ₹9.25 करोड़ कमाए थे। यानी सीधे-सीधे ₹3.10 करोड़ का घाटा हुआ है। बुधवार को सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्‍या में भी भारी गिरावट देखी गई। मंगलवार को जहां ‘वेलकम टू द जंगल’ के शोज में औसतन 29% सीटें भरी हुई थीं, वो बुधवार को 15% तक पहुंच गईं। कुल कमाई की बात करें तो इस कॉमेडी फिल्‍म ने देश में अब तक ₹87.65 करोड़ का नेट कलेक्‍शन किया है। अपने दूसरे वीकेंड तक यह बड़ी आसानी से देश में भी 100 करोड़ क्‍लब में शामिल हो जाएगी।

  • पेड प्रीव्‍यू, गुरुवार – ₹3.75 करोड़
  • पहला दिन, शुक्रवार – ₹15.25 करोड़
  • दूसरा दिन, शनिवार – ₹20.00 करोड़
  • तीसरा दिन, रविवार – ₹24.75 करोड़
  • चौथा दिन, सोमवार – ₹8.50 करोड़
  • पांचवां दिन, मंगलवार – ₹9.25 करोड़
  • छठा दिन, बुधवार – ₹6.15 करोड़

‘वेलकम टू द जंगल’ वर्ल्‍डवाइड कलेक्‍शन

‘वेलकम टू द जंगल’ ने देश में जहां छह दिनों में ₹104.42 करोड़ की ग्रॉस कमाई की है, वहीं विदेशों में इसने ₹24.95 करोड़ का ग्रॉस बिजनस किया है। ओवरसीज मार्केट में यह ठीक-ठाक चमक बिखेर रही है। छठे दिन भी विदेशों में ₹2.00 करोड़ का कारोबार हुआ है। छह दिनों में ‘वेलकम टू द जंगल’ का वर्ल्‍डवाइड कलेक्‍शन अब ₹129.37 करोड़ हो गया है।

‘मैं वापस आऊंगा’ बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन: 20 वां दिन

इम्‍त‍ियाज अली के डायरेक्‍शन में बनी ‘मैं वापस आऊंगा’ की कमाई भी बुधवार को घटी है। लेकिन यह फिर भी अपनी औसत रफ्तार पर कायम है। वर्ड ऑफ माउथ के बूते यह फिल्‍म लगातार ओपनिंग डे से अध‍िक का बिजनस कर रही है। 20वें दिन इसने 2,001 शोज से ₹1.40 करोड़ कमाए हैं। इससे भारत में फिल्‍म का कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹60.69 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹50.95 करोड़ हो गया है। ₹70 करोड़ के बजट में बनी इस पीरियड-रोमांस ड्रामा ने विदेशों में अब तक कुल ₹16.95 करोड़ का ग्रॉस बिजनस किया है। इस तरह, दुनिया भर में इसने ₹77.64 करोड़ का वर्ल्‍डवाइड ग्रॉस कलेक्‍शन कर लिया है।

‘कॉकटेल 2’ बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन: हिट या फ्लॉप

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्‍म‍िका मंदाना की ‘कॉकटेल 2‘ का बजट ₹150 करोड़ है। लेकिन यह फिल्‍म 13 दिनों में देश में ₹88.15 करोड़ का नेट कलेक्‍शन ही कर पाई है। 13वें दिन इसने 3,431 शोज से ₹1.40 करोड़ की नेट कमाई की है। इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹105.10 करोड़ हो गया है। विदेशों में फिल्म ने कुल ₹29.00 करोड़ की ग्रॉस बिजनस किया है। इससे दुनिया भर में इस रोमांटिक-कॉमेडी ने ₹134.10 करोड़ की ग्रॉस कमाई कर ली है। हालांकि, बजट को देखते हुए यह अभी भी नाकाफी है और यह फ्लॉप न सही, लेकिन एवरेज बनकर रह जाएगी।

    शुक्रवार को रिलीज हो रही ‘अल्‍फा’, ‘बेबी डू डाई डू’ और ‘नागबंधम’

    शुक्रवार 03 जुलाई को हिंदी बॉक्‍स ऑफिस पर तीन नई फिल्‍में रिलीज हो रही हैं। इनमें आलिया भट्ट और शर्वरी की ‘अल्‍फा’ से तगड़ी कमाई के संकेत हैं। फिल्‍म में अनिल कपूर और बॉबी देओल भी हैं। लेकिन इसकी सबसे बड़ी यूएसपी यह है कि ये YRF स्‍पाई यूनिवर्स की 7वीं फिल्‍म है। ऐसे में ‘टाइगर’, ‘पठान’ और ‘वॉर’ सीरीज के फैंस भी इसे देखने की चाह रखते हैं। लेकिन सबसे जरूरी है ‘वर्ड ऑफ माउथ’, यदि फिल्‍म दर्शकों को रिझाती है तो पहले वीकेंड में ही यह धूम मचा सकती है। दूसरी ओर, हुमा कुरैशी की ‘बेबी डू डाई डू’ से कमाई को लेकर बहुत उम्‍मीदें नहीं हैं। यही हाल, मूल रूप से तेलुगू में बनी ‘नागबंधम’ का भी है। अनुमान यही है कि ये दोनों ही फिल्‍में पहले दिन हिंदी दर्शकों के बीच ₹1 करोड़ या उससे भी कम की कमाई करेंगी।