Spread the love

वॉशिंगटन: अमेरिका की सेकंड लेडी उषा वेंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो विमान की सीढ़ी से लड़खड़ाकर गिरने वाली थीं और उस वक्त उनकी गोद में नवजात था। सोमवार को अलास्का में कैंपेन ट्रिप के लिए अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ जाते समय सेकंड लेडी उषा वेंस अपने नौ हफ्ते के बेटे एलेक को गोद में लिए हुए गिरने से बाल-बाल बचीं।

मैरीलैंड के जॉइंट बेस एंड्रयूज पर उप-राष्ट्रपति के हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद उषा वेंस सीढ़ियों से नीचे उतर रहीं थीं और परिवार अलास्का जाने वाली फ्लाइट में सवार होने की तैयारी कर रहा था। उन्होंने एलेक को गोद में ले रखा था और पीठ पर एक बड़ा भूरा बैकपैक भी था तभी उनका पैर लड़खड़ा गया। उषा आगे की ओर लड़खड़ाईं लेकिन तुरंत खुद को संभाल लिया और बच्चे को भी सुरक्षित रखा।

विमान की सीढ़ियों पर बाल-बाल बचीं उषा वेंस

वीडियो में दिख रहा है कि गिरने से बचने के बाद उन्होंने राहत की सांस लेते हुए मुस्कुराया और आगे बढ़ने लगीं। कुछ सेकंड बाद जेडी वेंस अपनी चार साल की बेटी मिराबेल के साथ उनके पीछे-पीछे आए। यह पल वीडियो में कैद हो गया और जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हैरानी की बात ये थी जब उषा वेंस लड़खड़ाईं थी तो वहां मौजूद एक भी सुरक्षा गार्ड उनकी मदद के लिए आगे नहीं बढ़ा। जबकि ये इंसान की प्राकृतिक आदत है अगर सामने कोई गिरने लगे तो अचानक उसे बचाने की कोशिश की मुद्रा में खुद ही हाथ उठ जाता है।

जब ऊषा लड़खड़ाईं तो वर्दी पहने सुरक्षाकर्मी टरमैक पर खड़े थे लेकिन वे उनकी मदद के लिए आगे नहीं आए। इस बात पर ऑनलाइन बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब वह सीढ़ियों से नीचे उतर रही थीं और उनके पास एक नवजात बच्चा और एक बड़ा बैग था तब कोई भी उनकी मदद के लिए आगे क्यों नहीं आया? एक महिला ने एक्स पर लिखा ‘वहां खड़े किसी भी व्यक्ति या अधिकारी में मदद करने की इच्छा या भावना नहीं थी? वे अपनी जगह पर पत्थर की तरह बेअसर खड़े रहे! हद है!’
एक और यूजर ने सवाल किया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस जो उषा के पीछे चल रहे थे उन्होंने उनसे बैग क्यों नहीं लिया? यूजर ने लिखा ‘कोई भी सोचेगा कि उनके ठीक पीछे चल रहे उपराष्ट्रपति भारी बैग ले लेते, ताकि उन्हें बच्चे के साथ सीढ़ियां अकेले न चढ़नी पड़ें।’

9 हफ्ते के बच्चे के साथ यात्रा पर मजाक

दरअसल वेंस परिवार 3 नवंबर के चुनाव से पहले जेडी वेंस के प्रचार के लिए अलास्का की यात्रा कर रहा था। इस यात्रा में उनके नौ सप्ताह के बेटे के साथ साढ़े सात घंटे की उड़ान शामिल थी। यह बताते हुए कि उषा और उनके चार में से दो बच्चे उनके साथ क्यों आ रहे हैं वेंस ने पत्रकारों से मजाक में कहा ‘यह उषा का 50वां राज्य है यही कारण है कि हम नौ सप्ताह के बच्चे को 7.5 घंटे की उड़ान से अलास्का ला रहे हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि अगर भाषण के दौरान वे ‘थके हुए और तनाव में’ दिखे तो इसके पीछे एक सीधी-सी वजह थी।

ऊषा ने सबके सामने एक नवजात बच्चे की परवरिश करने की चुनौतियों के बारे में भी बात की है। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा ‘जब आप उन चीजों से जूझ रहे हों जिनसे किसी भी नवजात बच्चे के माता-पिता जूझते हैं तो यह सोचना कि क्या लोग आपको देख रहे हैं एक अलग ही अनुभव होता है।’ उन्होंने कहा कि आम तौर पर लोगों ने परिवार का बहुत साथ दिया है। उन्होंने कहा ‘लेकिन लोग इस मामले में सचमुच बहुत अच्छे रहे हैं।’ उन्होंने कहा ‘उसके साथ सीक्रेट सर्विस की टीम रहती है। हमारे किसी भी नवजात बच्चे को पहले ऐसी सुरक्षा नहीं मिली थी।’