एकता कपूर ने अपने शो ‘नागिन 7’ में AI का इस कदर इस्तेमाल किया था कि दर्शक भड़क गए थे और उन्हें बुरी तरह लताड़ा था। अब कुछ ऐसा ही एकता ने अपने दूसरे हिट शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में कर दिया है। पर इस बार तो एकता ने हद ही पार कर दी है। इस बार वह भगवान श्री कृष्ण वाला सीक्वेंस ले आईं, जिनसे तुलसी बात कर रही है और वो उसे उपदेश दे रहे हैं। साथ ही बता रहे हैं कि पूरा संसार उसका परिवार है, और जो दुख वह झेल रही है, वो उनके मां-बाप ने भी झेला था। एकता ने कृष्ण के किरदार में किसी एक्टर को कास्ट करने के बजाय AI से ही भगवान कृष्ण बनाकर दिखा दिए।
पूरा सीक्वेंस AI से बनाया है। AI निर्मित ही कृष्ण भगवान हैं, जो आम भाषा में डायलॉग बोल रहे हैं। यह सीन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, और यूजर्स ने अपना माथा पीट लिया है। न सिर्फ इस सीन के लिए एकता कपूर की आलोचना हो रही है, बल्कि जिस तरह के डायलॉग कृष्ण भगवान के AI अवतार से बुलवाए गए हैं, उनका भी मजाक उड़ रहा है। लोगों का कहना है कि एकता डायलॉग भी AI से ही लिखवा लेती।



