Spread the love

टीवी के प्रसिद्ध धार्मिक सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब छाए हैं। इस वक्त उनका एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें वो अपनी मुंहबोली बहन से राखी बंधवाते दिख रहे हैं। अक्सर जहां सुनील लहरी के वीडियो को लोग खूब पसंद किया करते हैं और उनकी तारीफें करते हैं, वहीं इस नए वीडियो पर कुछ लोगों ने तंज कसे हैं।

दरअसल रक्षा-बंधन के अवसर पर सुनील लहरी ने अपनी एक मुंहबोली बहन से राखी बंधवाया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने कहा है कि उनसे भले उनका खून का रिश्ता न हो लेकिन आदर और सम्मान का रिश्ता जरूर है।

‘कई सालों से मैं इन से फल खरीदता हूं, रिश्ते खून के ही नहीं’

सुनील लहरी ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘मिलिए मेरी नई बहन से, इनका भाई नहीं है, इन्होंने मुझे अपना भाई बनाने का अनुरोध किया है। इनका नाम सोनम है, कई सालों से मैं इन से फल खरीदता हूं, रिश्ते खून के ही नहीं, आदर और सम्मान के भी होते हैं।’ वीडियो में वो कहते नजर आ रहे हैं, ‘ये हैं सोनम, ये मेरे को सारे फ्रूट्स खिलाती है, मेरी सेहत का खयाल रखती है और आज रक्षा-बंधन के दिन ये राखी बांधने आई है।’

कुछ नो एक्टर के विचार और कार्य को सुंदर कहा है

एक्टर आगे कहते हैं, ‘इसका कोई भाई नहीं है इसलिए ये मुझे भाई मानकर राखी बांध रही है।’ सोनम उन्हें राखी बांधती हैं और फिर उनके पैर छूती हैं, जिसके बाद सुनील लहरी उन्हें शगुन के तौर पर कुछ पैसे देते हैं। हालांकि, इस वीडियो की काफी लोगों ने तारीफ की है और एक्टर के विचार और कार्य को सुंदर कहा है। कुछ ने कहा है- आपने मानवता जिंदा रखी है।

कुछ लोगों ने कसा तंज, कहा- ऐसा तो हमने पहली बार देखा है

वहीं कुछ लोगों ने वीडियो की बारीकियों पर ध्यान देते हुए कहा है, ‘तिलक उल्टे हाथ से, आरती उल्टी तरफ, राखी भी उल्टे हाथ पर।’ एक और ने कहा, ‘सर जी आपने बहुत ही सराहनीय कार्य किया है लेकिन अगर मै गलत नहीं देखा तो आपने राखी दाहिने हाथ की बजाय बाएं हाथ में बांधते हुए दिखाई देते हैं जय श्री राम।’ वहीं एक और ने कहा, ‘ऐसा तो हमने पहली बार देखा है, ये कौन करता है। कोई अपनी बहन को, चाहे बहन छोटी हो या बड़ी हो, अपने पैर नही छूने देता है। आपका दिल अच्छा है लेकिन ज्ञान पूरा नहीं है।’ एक अन्य यूजर ने कहा, ‘ये सब तो ठीक है पर उल्टे हाथ में राखी कौन बंधवाता है?’ कई अन्य यूजर ने कहा है- उल्टे हाथ में तो महिलाए राखी बनवाती है भाई तो सीधे हाथ में राखी बंधवाते हैं। वहीं कुछ लोगों ने कहा, ‘इसे दिखाकर करने की क्या जरूरत थी।’