भोपाल। हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा और कर्मश्री संस्था की ओर से निकली तिरंगा यात्रा में यातायात और सड़क सुरक्षा के नियम टूटे हैं। यह आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता कटारा हिल्स थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी।
कांग्रेस कमेटी के वार्ड प्रभारी महेश वशिष्ठ का आरोप है कि थाना प्रभारी ने वह शिकायत लेने तक से इन्कार कर दिया। इसके बाद भड़के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की।
नियमों के उल्लंघन का आरोप
कांग्रेस नेता महेश वशिष्ठ ने आरोप लगाया कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालकों ने हेलमेट नहीं लगाया। बाइक पर तीन सवारियां थीं, जबकि चार पहिया वाहनों से भी गलत तरीके से स्टंट किया जा रहा था।
प्रशासन के सामने नियम तोड़े
वशिष्ठ ने कहा कि तिरंगे के सम्मान में निकाली गई यात्रा में ही यदि यातायात नियमों का बड़े स्तर पर उल्लंघन हो और यह सब मुख्यमंत्री व प्रशासन की मौजूदगी में हो, तो शिकायत करना जरूरी है। मामले में यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस मौके पर महेंद्र नारेड़ा, महेंद्रनाथ पांडे, नर्बदा प्रसाद विश्वकर्मा, रामगोपाल चौहान, कमलेश कुमार, रूप सिंह, कमलेश देशमुख, अमृत राज, सतीश सोनी, अनिल सिंह, सागर कोड़े, अंशुल सहित अन्य रहवासी मौजूद रहे।



