Spread the love

पटना: बिहार में अभी न तो विधानसभा का और न ही लोकसभा का चुनाव है, लेकिन सूबे का सियासी मौसम चुनावी चुनावी सा लगने लगा है। जिसे देखो बिहार की यात्रा पर निकल जनता का हाल चाल लेने को आतुर हैं। यात्रा पर निकलने वाले ये कोई पार्टी के छोटे मोटे नेता नहीं हैं। सभी अपने अपने दल के नामवर हैं। दिलचस्प तो यह है कि इन नामवर नेताओं को अचानक बिहार की जनता की फिक्र तब हो रही है, जब जनता का मतलब वोट नहीं होता। चलिए जानते हैं कौन कौन नामवर नेताओं ने जनता से रूबरू होने का फैसला किया है।

नीतीश कुमार फिर यात्रा पर

विकास पुरुष कह लें या सुशासन कुमार, एक बार फिर से नीतीश कुमार के जेहन में जनता की सुध लेने की इच्छा जगी है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार अक्टूबर 2026 में एक बार फिर बिहार यात्रा पर निकलने की तैयारी में जुट गए हैं। हालांकि मुख्यमंत्री का पद छोड़ते वक्त नीतीश कुमार ने राज्य की जनता और अपने कार्यकर्ताओं से वादा किया था कि वे उनसे दूर नहीं जा रहे हैं। नीतीश कुमार अपने उसी वादे का निर्वहन करने जनता और कार्यकर्ताओं के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री नहीं रहने पर ये उनकी पहली राज्यव्यापी यात्रा होगी, जिसके तहत वे सभी जिलों का दौरा करेंगे।

2 अक्टूबर से नीतीश शुरू कर सकते हैं अपनी यात्रा

माना जा रहा है कि नीतीश कुमार की यात्रा अक्टूबर 2026 में संभावित है। संभावित तो यह भी है कि सब कुछ ठीक रहा तो 2 अक्टूबर यानि गांधी जयंती के दिन चंपारण से नीतीश कुमार की यात्रा की शुरुआत हो सकती है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा अभी से ही यात्रा की रूपरेखा तैयार करने लगे हैं और इस संदर्भ में जिम्मेदारियां भी निर्धारित की जाने लगी हैं। माना जा रहा है कि नीतीश कुमार राज्य के सभी 38 जिलों में जाकर आम लोगों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याएं सुनेंगे।

प्रशांत किशोर भी निकलेंगे सियासी यात्रा पर

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की ऐतिहासिक जीत के जश्न का अभी खुमार अभी टूटा भी नहीं है कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर सितंबर 2026 में फिर से एक बार व्यापक बिहार यात्रा पर निकलने की तैयारी करने लगे हैं। हालांकि इस यात्रा को ले कर प्रशांत किशोर का कंसेप्ट साफ है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आगामी पंचायत और एमएलसी चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर संगठन को तैयार करना है। इस वजह से सितंबर से प्रशांत किशोर विभिन्न जिलों, गांवों और कस्बों का दौरा कर जन-संवाद करेंगे

तेजस्वी यादव करने जा रहे अधिकार यात्रा

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लोकभवन मार्च के बाद अपनी सक्रियता बरकरार रखने जा रहे हैं। बताया जा रहा था कि तेजस्वी यादव अगस्त 2026 माह से ही बिहार की एक बड़ी राजनीतिक यात्रा पर निकलने वाले थे। हालांकि वर्तमान में वे पटना में ही सक्रिय हैं और 19 अगस्त 2026 को पटना में पार्टी के मार्च के बाद आगामी यात्रा की रूप रेखा तैयार करेंगे। पार्टी सूत्रों की मानें तो यात्रा का उद्देश्य आरजेडी संगठन को मजबूत करना, पार्टी का विस्तार करना और जमीनी हकीकत के साथ युवाओं की समस्याओं को समझना है। इस यात्रा की रूपरेखा और तैयारियों की जिम्मेदारी पार्टी द्वारा मंगनी लाल मंडल को सौंपी गई है।