भोपाल। मध्य प्रदेश में प्राथमिक शिक्षक भर्ती 2025 के तहत दस्तावेज अपलोड करने एवं सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थियों को दस्तावेज अपलोड करने के लिए केवल सोमवार तक का समय मिलेगा। यानी 20 जुलाई इसकी अंतिम तिथि रहेगी।
विभाग ने आदेशित किया है कि निर्धारित अवधि में एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर प्रोफाइल पंजीयन के साथ दस्तावेज अपलोड नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया से बाहर माना जाएगा।
बता दें कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती के तहत कुल 10 हजार पदों में से 8 हजार स्कूल शिक्षा विभाग, 2 हजार जनजातीय कार्य विभाग में भरे जाने हैं। करीब 400 प्रकरण न्यायालय में लंबित होने के कारण उन्हें प्रक्रिया से अलग रखा गया है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नियुक्ति पत्र देने की तैयारी
विभागीय अधिकारियों को दस्तावेज अपलोड के साथ अभ्यर्थियों को सत्यापन केंद्र का चयन करना होगा। दस्तावेजों का सत्यापन 21 जुलाई तक किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य 27-28 जुलाई तक नियुक्ति पत्र जारी करने का है, ताकि गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री इन गुरुओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर सकें।
जनजातीय कार्य विभाग में भर्ती में देरी से नाराज अभ्यर्थी
- जनजातीय कार्य विभाग में चयनित करीब 2900 अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि दोनों विभागों की भर्ती एक ही परीक्षा और चयन प्रक्रिया से हुई है, फिर भी जनजातीय कार्य विभाग में दस्तावेज सत्यापन की निर्देशिका तक जारी नहीं हुई है। अभ्यर्थी सोमवार को भोपाल पहुंचकर सरकार को ज्ञापन सौंपेंगे और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग करेंगे।
- उनका कहना है कि भर्ती में देरी से चयनित उम्मीदवारों के साथ-साथ आदिवासी क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी भी लगातार बनी हुई है।
सभी अभ्यर्थी कर लें सत्यापन प्रक्रिया पूरी
सभी अभ्यर्थी दस्तावेज अपलोड या सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी कर लें। यदि कोई अभ्यर्थी उचित कारण से दस्तावेज अपलोड या सत्यापन नहीं करा पाते हैं, तो उनके लिए केंद्रीयकृत व्यवस्था की जाएगी। अभी तक साढ़े पांच हजार अभ्यर्थियों ने दस्तावेज अपलोड कर दिए हैं।
अभिषेक सिंह, आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय



