नई दिल्ली: अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की आर्थिक सफलता को लेकर RPG Enterprises के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है। साथ ही उन्होंने अमेरिका का एक नक्शा शेयर करते हुए वहां के अलग-अलग राज्यों में प्रवासी समुदायों की इनकम से जुड़ी तस्वीर दिखाई है।
हर्ष गोयनका ने पोस्ट में लिखा है ‘अमेरिका भर में भारतीयों को अपनी कड़ी मेहनत, उद्यमशीलता और लगन के बल पर सफलता हासिल करते और आगे बढ़ते देखना गर्व की बात है। वे अपने साथ भारत की भावना लेकर चलते हैं। साथ ही जिस देश को वे अपना घर कहते हैं, उसकी तरक्की में भी अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं।’
क्या है नक्शे में?
हर्ष गोयनका की ओर से शेयर किए गए नक्शे का शीर्षक ‘Highest-Paid Nationality in Each U.S. State’ है। नक्शे में अमेरिकी राज्यों में प्रमुख प्रवासियों के बीच मीडियन इनकम के आधार पर तुलना दिखाई गई है। नक्शे के मुताबिक, कई अमेरिकी राज्यों में भारत में जन्मे प्रवासी प्रमुख प्रवासी समूहों में सबसे ज्यादा मीडियन आय वाले समूह के तौर पर दिखाई देते हैं। इनमें कैलिफोर्निया, टेक्सास, न्यू जर्सी, मैरीलैंड, वॉशिंगटन, इलिनॉय, जॉर्जिया, मिशिगन, मिनेसोटा समेत कई राज्य शामिल हैं।
किसी ने सराहा, किसी ने सवाल किया
हर्ष गोयनका की इस पोस्ट पर यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। किसी ने हर्ष गोयनका की पोस्ट को सराहा है तो किसी ने सवाल कर लिया है। Sudhipan Sharma ने लिखा है कि अन्य देशों में भारतीय क्या कर रहे हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। भारत में उनका प्रदर्शन विचारणीय है। यह योगदान भारत में होना चाहिए था, दुर्भाग्यवश हमने वैश्विक बाजारों को बेच दिया और पिछले 50 वर्षों से अभी भी विकसित राष्ट्र बनने का प्रयास कर रहे हैं।
Ranjeet Singh Bhati ने लिखा है कि मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता जहां भी जाती है, अपनी पहचान बनाती है। भारतीयों की सफलता अमेरिका की प्रगति में योगदान के साथ भारत का गौरव भी बढ़ाती है।



