भोपाल। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले पारंपरिक ‘एट होम’ (At Home) रिसेप्शन में इस बार मध्य प्रदेश की समृद्ध और विविधतापूर्ण जनजातीय संस्कृति का भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित इस खास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों, शीर्ष राजनीतिक हस्तियों, राजनयिकों और विदेशी राजदूतों समेत लगभग 500 विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे।
मालवा-निमाड़, गोंड और भील कला से सजेगा राष्ट्रपति भवन
‘एट होम’ कार्यक्रम के लिए राष्ट्रपति भवन को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। इस बार अतिथियों की मेजों पर मध्य प्रदेश की प्राचीन बाघ प्रिंट (Bagh Print) कलाकृतियों के साथ-साथ मालवा और निमाड़ अंचल की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम में क्या-क्या है खास?
कार्यक्रम परिसर में जनजातीय जीवन की सजीव झांकी तैयार की जा रही है, इसमें भील समुदाय के पारंपरिक आवास और गोंड समुदाय के आंगन का प्रारूप, आदिवासी विवाह परंपराओं को दर्शाते विशेष स्थल, छत्तीसगढ़ की मशहूर मेटल आर्ट (Metal Art), महाराष्ट्र और गोवा की आकर्षक ज्यामितीय कलाकृतियां (Geometric Artwork) शामिल हैं। खास बात यह है कि राष्ट्रपति के शाही क्रॉकरी और चांदी के बर्तनों के बीच भारत की हस्तशिल्प विरासत को दर्शाती बाघ प्रिंट की अनूठी कलाकृतियां रखी जाएंगी।
NID अहमदाबाद द्वारा तैयार निमंत्रण पत्र
इस बार राष्ट्रपति भवन से जारी किया गया निमंत्रण-पत्र भी खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह निमंत्रण पत्र केवल एक संदेश नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सामुदायिक कला का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस संपूर्ण इनविटेशन पैकेज की डिजाइनिंग राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (NID), अहमदाबाद द्वारा की गई है। निमंत्रण-पत्र का मुख्य विषय मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गोवा- इन चार राज्यों की भौगोलिक विविधता और उनकी पारंपरिक कला शैलियों पर आधारित है।



