नई दिल्ली: बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) और केनरा बैंक ने अपनी चुनिंदा समय सीमा वाले लोन पर ब्याज दरों (MCLR) में 0.05% (5 बेसिस पॉइंट्स) तक की बढ़ोतरी कर दी है। ET के मुताबिक, ब्याज दरों में इस बढ़ोतरी के बाद अब ग्राहकों को EMI के रूप में ज्यादा पैसे देने पड़ सकते हैं। दोनों बैंकों की ये नई दरें आज से लागू हो गई हैं।
केनरा बैंक की नई दरें
केनरा बैंक ने शॉर्ट टर्म लोन की दरों में बदलाव किया है। एक दिन का MCLR 7.90% से बढ़ाकर 7.95% कर दिया गया है। एक महीने का रेट 7.95% से बढ़कर 8.00% और तीन महीने का रेट 8.20% से बढ़कर 8.25% हो गया है। छह महीने के लिए MCLR 8.55% से बढ़ाकर 8.60% कर दिया गया है।
BoB की नई दरें
बैंक ऑफ बड़ौदा ने पांच अलग-अलग समय सीमा वाले लोन पर ब्याज 0.05% बढ़ाया है। एक दिन का रेट 7.80% से बढ़कर 7.85% और एक महीने का रेट 7.90% से बढ़कर 7.95% हो गया है। तीन महीने का MCLR अब 8.20% और छह महीने का 8.50% होगा। वहीं, एक साल का MCLR, जिसके आधार पर ज्यादातर रिटेल लोन (जैसे पर्सनल या ऑटो लोन) तय होते हैं, उसे 8.70% से बढ़ाकर 8.75% कर दिया गया है।
HDFC बैंक का हाल
HDFC बैंक ने भी 8 जून से अपने ज्यादातर लोन की ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। एक दिन का MCLR 8.10%, 3 महीने का 8.20% और 6 महीने का 8.35% कर दिया गया है। एक साल का रेट 8.35% से बढ़कर 8.40% हो गया है। सबसे बड़ी बढ़ोतरी 2 साल वाले लोन पर हुई है, जहां रेट 0.10% बढ़कर 8.55% हो गया है। सिर्फ एक महीने वाले रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है और वह 8.05% पर बना हुआ है।



