Spread the love

मनीला: फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई है। यह बैठक आसियान (ASEAN) मंत्रीस्तरीय सम्मेलन 2026 के इतर हुई है। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक के बाद क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की ओर से आसियान के साथ सहयोग पर संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गई। इसमें सबसे ज्यादा जोर स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक पर दिया गया है, जिसे चीन के खिलाफ एक बड़ा कदम माना जा रहा है। चीन और फिलीपींस में लंबे समय से दक्षिण चीन सागर को लेकर तनाव है।

क्वाड की बैठक पर जारी हुआ संयुक्त बयान

भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्वाड के संयुक्त बयान को जारी करते हुए बताया कि यह बयान भारत के विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने जारी किया। इसमें कहा गया, "आसियान के व्यापक रणनीतिक साझेदार के तौर पर, हम अमेरिका के विदेश मंत्री और ऑस्ट्रेलिया, भारत व जापान के विदेश मंत्री आज मनीला में मिले। हमने एक स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को मजबूत करने और आसियान की एकता व केंद्रीय भूमिका (सेंट्रैलिटी) के प्रति अपने अटूट समर्थन को दोहराया।"

इंडो-पैसिफिक की स्वतंत्रता पर जोर

बयान में कहा गया, "हम इस क्षेत्र की सफलता और आसियान तथा उसके सदस्य देशों के साथ सहयोग करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हमने समुद्री और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि व सुरक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती हुई तकनीकों, तथा मानवीय सहायता और आपातकालीन प्रतिक्रिया जैसी साझा प्राथमिकताओं के माध्यम से ‘इंडो-पैसिफिक पर आसियान आउटलुक’ (AOIP) को व्यावहारिक रूप से लागू करने में अपने सहयोग को मजबूत करने के लिए क्षेत्रीय चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा की। हमारा दृढ़ विश्वास है कि इंडो-पैसिफिक समुद्री क्षेत्र में शांति और स्थिरता ही इस क्षेत्र की सुरक्षा और समृद्धि का आधार है।"

क्वाड क्या है?

  • क्वाड भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक अनौपचारिक रणनीतिक मंच है।
  • इसका मुख्य उद्देश्य एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र का निर्माण करना और वैश्विक सुरक्षा व आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है।
  • हालांकि, चीन क्वाड को अपने खिलाफ बना एक सैन्य गठबंधन बताता है। वह क्वाड की हर बैठक पर तीखी प्रतिक्रिया भी देता है।
  • क्वाड की संकल्पना पहली बार 2007 में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने की थी। बाद में 2017 में इसे पुनर्गठित और सक्रिय किया गया।