Spread the love

नई दिल्ली: जब भी आप किसी कॉस्मेटिक्स या स्किनकेयर प्रोडक्ट की दुकान में जाते हैं, वहां आपको रंगीन लेबल लगे अलग-अलग कंपनियों के बहुत सारे प्रोडक्ट नजर आते हैं। लेकिन इसी रंगीन बाजार में ब्लैक एंड व्हाइट मिनिमलिस्ट ने अपनी अलग पहचान बनाई। आज इस कंपनी के स्किनकेयर प्रोडक्ट मिलेनियल्स से जेनजी तक में पसंद किए जाते हैं। इस कंपनी की कामयाबी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मात्र 8 महीने में ही इस कंपनी ने 100 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी।

कभी सिर्फ 1000 बोतलों से शुरुआत करने वाली जयपुर की स्किनकेयर कंपनी Minimalist की वैल्यू आज 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। हालांकि पिछले साल हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने इस कंपनी का अधिग्रहण कर लिया था। उस समय इसकी वैल्यूशन करीब 3000 करोड़ रुपये थी। Minimalist ने बड़े विज्ञापनों और सेलिब्रिटी प्रमोशन के बजाय साफ जानकारी, वैज्ञानिक फॉर्मूलेशन और किफायती कीमत को अपना हथियार बनाया।

सोशल मीडिया बना बड़ी ताकत

मिनिमलिस्ट की शुरुआत दो भाइयों मोह‍ित यादव और राहुल यादव ने की थी। अक्टूबर 2020 में मिनिमलिस्ट को लॉन्च किया गया। शुरुआत में कंपनी ने केवल 1000 बोतलें तैयार की थीं। लेकिन सोशल मीडिया पर लॉन्च के दो दिन के भीतर कंपनी के फॉलोअर्स करीब 200-300 से बढ़कर 10,000 हो गए और शुरुआती स्टॉक बिक गया।

कंपनी ने पारंपरिक ब्यूटी ब्रांड्स से अलग रास्ता चुना। जहां कई कंपनियां सेलिब्रिटी और बड़े विज्ञापनों पर जोर देती थीं, Minimalist ने प्रोडक्ट के अंदर मौजूद सामग्री और उनके इस्तेमाल की जानकारी ग्राहकों को देना शुरू किया। साथ ही प्रोडक्ट पर ब्लैक एंड व्हाइट लेबल का इस्तेमाल किया, ताकि बाकी प्रोडक्ट में इसे आसानी से देखा जा सके।

केमिकल को बनाया ताकत

मिनिमलिस्ट का मानना था कि हर केमिकल नुकसानदायक नहीं होता। कंपनी ने Niacinamide, Retinol, Salicylic Acid, AHA और BHA जैसे ingredients के बारे में ग्राहकों को आसान भाषा में समझाया। कई कैंपेन ने सोशल मीडिया पर ब्रांड की पहचान मजबूत की। स्किनकेयर इन्फ्लुएंसर्स और डर्मेटोलॉजिस्ट्स के रिव्यू से भी कंपनी को बिना बड़े विज्ञापन खर्च के ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मदद मिली।

8 महीने में 100 करोड़ का रेवेन्यू

Minimalist की ग्रोथ बेहद तेज रही। लॉन्च के करीब आठ महीने में कंपनी ने 100 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल कर लिया। कंपनी का रेवेन्यू FY23 में 184 करोड़ रुपये से बढ़कर FY24 में 347 करोड़ रुपये हो गया। यानी एक साल में कंपनी के रेवेन्यू में करीब 89% की बढ़ोतरी हुई।

कंपनी ने लगातार मुनाफा कमाने पर भी जोर दिया। इसके कारोबार में ऑनलाइन बिक्री की हिस्सेदारी करीब 90% बताई गई है। ब्रांड के पास अब स्किन, हेयर, बॉडी, लिप और बेबी केयर समेत 50 से ज्यादा प्रोडक्ट हैं।

HUL ने किया अधिग्रहण

हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड ने पिछले साल Minimalist में 90.5% हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया था। यह डील करीब 2,955 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन पर हुई थी।

मिनिमलिस्ट अब अमेरिका, ब्रिटेन, यूएई, मलेशिया, नेपाल, इंडोनेशिया और सऊदी अरब समेत कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध है। पिछले साल आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी भारत में 100 से ज्यादा एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट खोलने की योजना भी बना रही है।