हैदराबाद: भारत और वेस्टइंडीज की टीम टी20 सीरीज के चौथे मैच के लिए तैयार है। यह मुकाबला खेला जाएगा हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में। यह वही स्टेडियम है जहां भारतीय टीम ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया है। इसके साथ ही वहीं आईपीएल के 5 सबसे बड़े टोटल में से दो इसी मैदान पर बने हैं।
हैदराबाद में गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं
हैदराबाद की पिच बल्लेबाजी के लिए सबसे अच्छी मानी जाती है। 2024 में भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ टी20 मैच में 297 रन ठोक दिए थे। यह तब किसी दो फुल मेंबर टीम के बीच हुए टी20 मैच का सबसे बड़ा स्कोर था। संजू सैमसन ने 47 गेंदों पर 111 रनों की पारी खेली थी। हैदराबाद में अभी तक तीन टी20 मैच खेले गए हैं और पहली पारी का औसत स्कोर 230 रन है। 2019 में वेस्टइंडीज और भारत के बीच यहां मैच हुआ था। उसमें भारत ने 208 रनों का टारगेट चेज करके जीत हासिल की थी।
आईपीएल में भी हैदराबाद में रनों की बरसात
आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम यहां रनों की बरसात करती दिख जाती है। लीग में इस मैदान पर 286 और 277 रन हैदराबाद बना चुकी है। यह टूर्नामेंट के 5 सबसे बड़े स्कोर में शामिल है। यहां आईपीएल में 4 बार 200 से ज्यादा का टारगेट भी चेज हो चुका है। 2025 सीजन में हैदराबाद ने पंजाब के खिलाफ 246 रनों के लक्ष्य को 9 गेंद रहते ही हासिल कर लिया था।
वेस्टइंडीज का भारत दौरा हाई स्कोरिंग
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज में काफी रन बने थे। भारत ने दूसरे वनडे में 406 रनों का टारगेट चेज कर लिया था। वहीं टी20 सीरीज के दूसरे मैच में वेस्टइंडीज ने 250 रन चेज करके जीत हासिल की थी।



