भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह राजधानी में गोपालकों के सम्मेलन को पहुंचे। यहां उन्होंने देश में लागू हुए तीन नए आपराधिक कानूनों के बाद आए व्यवस्थागत परिवर्तनों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और उसका गहन अवलोकन किया। इसके बाद वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ गौपालक सम्मेलन के मंच पर भी शामिल हुए।
प्रदर्शनी का बारीकी से किया निरीक्षण
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोपहर 12:13 बजे प्रदर्शनी का अवलोकन शुरू किया। प्रदर्शनी के माध्यम से यह दर्शाया गया था कि नए कानूनों के लागू होने के बाद पुलिस और न्याय प्रणाली में किस तरह से तकनीकी और प्रक्रियात्मक बदलाव आए हैं।
गृह मंत्री ने विभिन्न काउंटरों पर रुककर तैयारियों को देखा
गृह मंत्री ने अमित शाह ने जिला एवं सत्र न्यायालय की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था और जय प्रकाश (JP) अस्पताल की प्रदर्शनी में विशेष रूप से समय बिताया। उन्होंने जबलपुर हाई कोर्ट की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और लगभग 13 मिनट तक पुलिस विभाग की प्रदर्शनी में रुककर नई कार्यप्रणालियों की जानकारी ली। पुलिस विभाग के काउंटरों के निरीक्षण के बाद वे सहकारिता विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में पहुंचे।
अमित शाह ने तीन लाख लीटर क्षमता वाले डेयरी प्लांट का किया लोकार्पण
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से तीन लाख लीटर क्षमता वाले डेयरी प्लांट का लोकार्पण किया। भोपाल में 16.5 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई सहकारी क्षेत्र की पहली प्रयोगशाला का भी उन्होंने शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाले दुग्ध उत्पादक किसानों को सम्मानित किया। लखपति गोपालक दीदियों को भी सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
मंच पर दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
प्रदर्शनी के उद्घाटन और अवलोकन के दौरान प्रदेश के वरिष्ठ नेता और मंत्री मंच पर मौजूद रहे। गौपालक सम्मेलन के मंच पर केंद्रीय गृह मंत्री के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री कृष्णा गौर, एदल सिंह कंसाना, महापौर मालती राय और विधायक रामेश्वर शर्मा सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



