काबुल: अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी सैन्य योजना बनाई है। तालिबान नेता मुल्ला हिबतुल्लाह अखुंदजादा ने पाकिस्तान के साथ लगने वाली सीमा की सुरक्षा के लिए एक खास यूनिट बनाने का आदेश दिया है। अफगानिस्तान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, इस यूनिट में 8000 सैनिक होंगे। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि यह यूनिट खास तौर पर पाकिस्तान के साथ सीमा पर सुरक्षा रखने के लिए बनाई जा रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस यूनिट को हिबाती के नाम से जाना जाएगा। यह एक स्पेशल फोर्स होगी जिसे तालिबान के दूसरे बलों के मुकाबले ज्यादा सैलरी और सुविधाएं मिलेंगी। यह फोर्स ऐसे समय में बनाई जा रही है, जब तालिबान और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। पाकिस्तान ने हाल के महीने में अफगानिस्तान पर कई हवाई हमले किए हैं, जिनके बाद तालिबान ने भी सीमा पर जवाबी हमले किए हैं।



