Spread the love

मुंबई: महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर ‘गूंगी गुड़िया’ कहे जाने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। इस टिप्पणी को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस की इस पोस्ट पर सुनेत्रा पवार की भी पहली प्रतिक्रिया सामने आ गई है। सुनेत्रा पवार नकहा कि वह उचित समय आने पर इसका जवाब देंगी। वहीं महायुति के नेताओं ने कांग्रेस पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में सुनेत्रा पवार ने कांग्रेस की टिप्पणी पर कहा कि सही समय आने पर जवाब दूंगी। उन्होंने फिलहाल इस विवाद पर अधिक टिप्पणी करने से परहेज किया।

कांग्रेस नेता ने टिप्पणी का किया बचाव

इस विवाद पर कांग्रेस विधायक विजय नामदेवराव वडेट्टीवार ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि इसमें कोई अपमानजनक शब्द नहीं था। उन्होंने कहा कि उनके नेता ने केवल यह कहा कि सुनेत्रा पवार गूंगी गुड़िया हैं, कोई गाली नहीं दी गई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष बार-बार इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है। वडेट्टीवार ने कहा कि असली सवाल यह है कि क्या इस टिप्पणी से सुनेत्रा पवार को वास्तव में बुरा लगा। उन्होंने महायुति सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में बैठे नेताओं की कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं है और वे केवल सत्ता के लिए राजनीति कर रहे हैं।

एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस पर साधा निशाना

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस की टिप्पणी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी ने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल सुनेत्रा पवार का नहीं, बल्कि राज्य की सभी माताओं और बहनों का अपमान है। शिंदे ने कहा कि कांग्रेस को इस बयान के लिए तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2024 में भी कांग्रेस ने महिलाओं के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था, जिसका जवाब राज्य की महिलाओं ने चुनाव में दिया था।

माफी मांगे कांग्रेस

एनसीपी विधायक सना मलिक ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना इतिहास भूल गई है। उन्होंने याद दिलाया कि जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की जाती थीं, तब कांग्रेस उनका विरोध करती थी, लेकिन अब वही पार्टी एक महिला नेता के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रही है। सना मलिक ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते माफी नहीं मांगी गई तो एनसीपी महाराष्ट्र से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विरोध प्रदर्शन करेगी और कानूनी कार्रवाई के विकल्प पर भी विचार करेगी।