Spread the love

भोपाल। भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से अत्याधुनिक फायर स्टेशन का संचालन रविवार से शुरू कर दिया गया। इसके शुरू होने के बाद एयरपोर्ट अब बोइंग-777 और एयरबस ए-330 जैसे बड़े विमानों से जुड़ी आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम हो गया है।नया फायर स्टेशन रनवे के बीच बनाया गया है, जिससे फायर ब्रिगेड अधिकतम दो मिनट में रनवे के दोनों सिरों तक पहुंच सकेगी। पहले फायर स्टेशन रनवे के एक छोर पर होने के कारण दूसरे सिरे तक पहुंचने में अधिक समय लगता था। बीसीएएस और डीजीसीए से अनुमति मिलने के बाद इसका संचालन शुरू किया गया है।

कैटेगरी-7 में अपग्रेड, भविष्य में कैटेगरी-9 की तैयारी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नए फायर स्टेशन को कैटेगरी-7 में अपग्रेड किया गया है। यहां 18 से 25 विशेष रूप से प्रशिक्षित फायर फाइटर्स 24 घंटे तैनात रहेंगे। स्टेशन का ढांचा इस प्रकार तैयार किया गया है कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर इसे कैटेगरी-9 में भी आसानी से अपग्रेड किया जा सके। इससे लंबी दूरी और संभावित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए जरूरी सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

आधुनिक उपकरणों से लैस फायर स्टेशन

नए फायर स्टेशन पर हाई-स्पीड और हाई-प्रेशर फोम सिस्टम से लैस फायर टेंडर तैनात किए गए हैं। इनमें 20 हजार लीटर पानी, करीब दो हजार लीटर फोम कंपाउंड और 500 किलोग्राम ड्राई केमिकल पाउडर रखने की क्षमता है। इसके अलावा धुएं और जहरीली गैस से बचाव के लिए ब्रीदिंग सेट तथा हाइड्रोलिक रेस्क्यू टूल्स भी उपलब्ध कराए गए हैं।

आईसीएओ और डीजीसीए मानकों के अनुरूप

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार नया फायर स्टेशन आईसीएओ और डीजीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार किया गया है। इससे राजा भोज एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की तैयारियों को भी नई गति मिलेगी।