रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश और बेमेतरा जिले में संचालित विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख किया।
सांसद बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश लोगों से है। राज्य स्थापना के बाद छत्तीसगढ़ ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही आधुनिक विकास की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्योत्सव केवल राज्य स्थापना का उत्सव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य के संकल्पों को स्मरण करने का अवसर भी है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से बेमेतरा जिले को मिल रही नई दिशा: दीपेश साहू
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि बेमेतरा जिले में शिक्षा, सिंचाई, पेयजल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



