भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में देर रात एक किराना कारोबारी से चाकू की नोक पर दो लाख रुपये की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है।तीन बदमाशों ने कारोबारी की स्कूटी के सामने बाइक अड़ाकर उसे रोका, चाकू दिखाकर डिग्गी खुलवाई और दिनभर के कारोबार की नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात कारोबारी के घर से महज 200 मीटर दूर हुई है।नकाबपोश तीन बदमाश गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं।
स्कूटी के सामने अड़ा दी बाइक
पुलिस के अनुसार आजाद मार्केट स्थित श्रीकृष्णा किराना स्टोर के संचालक 46 वर्षीय दिलीप अर्थवानी शाहजहांनाबाद स्थित प्रभु नगर में रहते हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे दुकान बंद कर वह अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने दिनभर की बिक्री के करीब दो लाख रुपये स्कूटी की डिग्गी में रखे थे। जैसे ही वह प्रभु नगर स्थित अपने घर के पास पहुंचे।
एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी स्कूटी के सामने बाइक अड़ा दी। बीच में बैठा बदमाश उतरकर तुरंत उनके पास पहुंचा और बड़ा चाकू निकालकर उनके गले पर लगा दिया। इसी दौरान दूसरे आरोपित ने स्कूटी की चाबी निकालकर डिग्गी खोली और उसमें रखी नकदी निकाल ली। बदमाश लगातार गाली-गलौज करते रहे, जिससे कारोबारी विरोध नहीं कर सके। नकदी लेकर तीनों आरोपित भाग निकले।
बैरिकेड्स के कारण बंद रास्ते पर पहुंचे आरोपी, फिर वापस लौटे
दिलचस्प बात यह रही कि बदमाश भागते हुए गली के उस हिस्से में पहुंच गए, जहां आगे बैरिकेड्स लगे होने के कारण रास्ता बंद था। इसके चलते उन्हें वापस उसी रास्ते से लौटना पड़ा। इस दौरान दिलीप ने शोर मचाकर लोगों को बुलाने की कोशिश की, लेकिन देर रात होने के कारण कोई तत्काल मदद के लिए बाहर नहीं आया। तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। सभी बदमाशों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे।
सूचना मिलने पर शाहजहांनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और लूट का प्रकरण दर्ज किया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि घटना के एक दिन बाद तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।



