Spread the love

भोजपुरी सिनेमा के दो सुपरस्टार्स के बीच जुबानी जंग बढ़ती ही जा रही है। एक्टर खेसारी लाल यादव ने कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम के दौरान सांसद और एक्टर रवि किशन के साथ-साथ पवन सिंह पर भी सीधा हमला बोला था। खेसारी ने न सिर्फ रवि किशन की नकल की, बल्कि बेबाकी से यह भी कहा कि रवि किशन को ‘मेरे पिता की नकल करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।’ उन्होंने पवन सिंह पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि वह ‘सिर्फ दो पैग पीकर ही नशे में धुत हो जाते हैं।’

फिर रवि किशन ने भी खेसारी पर कटाक्ष किया था। तब से लेकर अब तक दोनों के बीच जुबानी जंग होती रहती है। अब हालिया इंटरव्यू में खेसारी ने फिर से इस पर बात की है। जिंदाबाद से बातचीत में खेसारी लाल यादव ने कहा, ‘दुनिया में जो सच में बड़े और अच्छे लोग होते हैं, वो किसी को अपने पैर छूने तक नहीं देते। उनके अंदर एक अलग तरह का बड़प्पन होता है। हम आज भी अपने पिता के पैर छूते हैं, क्योंकि उन्होंने हमें जन्म दिया है, लेकिन हम उनके भी घुटनों तक हाथ लगाकर आशीर्वाद लेते हैं।’

मोदी जी को प्रणाम क्यों नहीं करते

उन्होंने आगे कहा, ‘हो सकता है रवि भैया को लगा हो कि मुझे उन्हें दंडवत प्रणाम करना चाहिए था, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उन्होंने भी अपने हर बड़े को दंडवत प्रणाम किया होगा। अगर ऐसा है तो फिर उन्हें अमिताभ बच्चन जी या प्रधानमंत्री मोदी जी के सामने भी दंडवत कर लेना चाहिए। साष्टांग लेट जाना चाहिए था।’

रवि किशन को दिक्कत क्यों?

जब उनसे पूछा गया कि रवि किशन को उनसे इतनी दिक्कत क्यों है, वो पवन सिंह की तरह उन्हें प्यार क्यों नहीं करते, तो खेसारी ने कहा, ‘मुझे उनके प्यार की जरूरत नहीं है। मेरी जनता ही मेरा भगवान है। उन्होंने मुझे इतना प्यार दिया है कि मुझे किसी और के प्यार की जरूरत नहीं पड़ती। मेरे मां-बाप, पत्नी और बच्चे मुझे प्यार करते हैं। रवि भैया भगवान नहीं हैं, वो भी एक इंसान हैं।’