Spread the love

नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायणम्’ की रिलीज का काफी समय से बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है और जब ट्रेलर रिलीज हुआ, तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ट्रेलर को मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिला, पर देखते ही देखते यह सबसे ज्यादा देखे गए भारतीय फिल्मों के ट्रेलर में से एक बन गया। हालांकि, इस मामले में यह ‘आदिपुरुष’ को मात नहीं दे पाया। लोगों ने ‘रामायणम्’ के VFX और ग्रैंड स्केल की ‘आदिपुरुष’ से तुलना की और उन्हें कहीं ज्यादा बेहतर बताया, पर फिर भी नितेश तिवारी की फिल्म, ओम राउत की फिल्म को मात नहीं दे पाई। दरअसल, ‘रामायणम्’ यूट्यूब पर 24 घंटे के अंदर सबसे ज्यादा देखे गए हिंदी ट्रेलर की फेहरिस्त में शुमार हो गया, पर ‘आदिपुरुष’ से मात खा गया।

‘आदिपुरुष’ के ट्रेलर ने यूट्यूब पर रिलीज होने के बाद 24 घंटे के भीतर सबसे ज्यादा देखे जाना वाले हिंदी ट्रेलर का रिकॉर्ड बनाया था। इसे तब 52 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया था। वहीं, 21 घंटे के अंदर इसे तेलुगु में 10 मिलियन, तमिल और मलयालम में 3.3 मिलियन और कन्नड़ भाषा में 1.7 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया था।

‘रामायणम्’ के हिंदी ट्रेलर के व्यूज, ‘आदिपुरुष’ को नहीं दे पाया मात

ऑनलाइन ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ का ट्रेलर YouTube पर पहले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बार देखी गए भारतीय फिल्म के ट्रेलर के तौर पर ‘आदिपुरुष’ का रिकॉर्ड तोड़ने में नाकाम रहा। ‘रामायणम्’ के ट्रेलर को सोनी के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल और World of Ramayana (WOR) चैनल पर कई भाषाओं में एक साथ रिलीज किया गया था, लेकिन इन दोनों पर मिले कुल व्यूज प्रभास की ‘आदिपुरुष’ के ट्रेलर को मिले व्यूज को मात नहीं दे पाए। आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायणम्’ के हिंदी वर्जन को पहले 24 घंटों में करीब 36.4 मिलियन व्यूज मिले। वहीं, 24 घंटों में सभी भाषाओं को मिलाकर ट्रेलर को सिर्फ 45 मिलियन व्यूज ही मिल पाए।

‘रामायणम्’ का ट्रेलर लिस्ट में 19वें नंबर पर

बता दें कि ‘रामायणम्’ के मेकर्स ने अभी तक 24 घंटे की ऑफिशियल व्यूअरशिप के आंकड़ों की घोषणा नहीं की है। अगर बताए गए आंकड़े सही साबित होते हैं, तो ‘रामायणम्’ यूट्यूब पर पहले 24 घंटों में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले टॉप 20 भारतीय फिल्मों के ट्रेलर में अपनी जगह बना लेगी। IMDb के अनुसार, ‘रामायणम्’ का ट्रेलर अभी लिस्ट में 19वें नंबर पर है, और ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ (GOAT) के पीछे है।

सबसे ज्यादा देखे गए टॉप 3 भारतीय फिल्मों के ट्रेलर:

  1. सलार- लगभग 113.2 M व्यूज
  2. KGF: Chapter 2- 106.5 M व्यूज
  3. पुष्पा: द रूल- 104.2 M व्यूज

‘रामायणम्’ की कास्ट और रिलीज डेट

‘रामायणम्’ की बात करें, तो यह 8 नवंबर को दीवाली के मौके पर रिलीज होगी। फिल्म का बजट 4000 करोड़ रुपये है। इसमें रणबीर कपूर ने राम, साई पल्लवी ने सीता और यश ने लंकापति रावण का किरदार निभाया है। वहीं रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल, सनी देओल, इंदिरा कृष्णन, शीबा चड्ढा, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर और अजिंक्य देव समेत कई कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं।