Spread the love
 भोपाल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश की दो सीटों पर प्रत्याशी बनाए गए दोनों ही नेताओं ने शनिवार को नामांकन दाखिल करने के साथ ही अपनी चल अचल संपत्तियां भी घोषित कर दी है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और उनके परिवार के पास 22 करोड़ की संपत्ति है तो पार्टी के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने अपनी 96.71 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति घोषित की है।
शपथ पत्र के अनुसार दोनों ही नेताओं पर कोई भी आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं है।

चुघ पर 85 लाख से अधिक और पत्नी पर 4 करोड़ से ज्यादा का ऋण

अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के निवासी तरुण चुघ ने अपने नामांकन पत्र के साथ प्रस्तुत शपथ पत्र में अपने नाम पर 8 करोड़ रुपये से अधिक की चल एवं अचल संपत्तियों का ब्यौरा दिया है।
उन्होंने वर्ष 2012 में महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी मेघालय से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की डिग्री प्राप्त की है। स्वयं की चल संपत्ति करीब 3.83 करोड़ रुपये है, जबकि पत्नी राधिका के नाम लगभग 7 करोड़ रुपये की चल संपत्ति दर्ज है। चुघ के नाम करीब 4.38 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति भी है। पत्नी के नाम भी लगभग 2.90 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। पारिवारिक फर्मों की संपत्तियां इससे अलग हैं।
आयकर विवरण के अनुसार वर्ष 2024-25 में तरुण चुग ने करीब 36.97 लाख रुपये की आय दर्शाई है। जिसके अनुसार-
– उनकी पत्नी की घोषित आय लगभग 73.77 लाख रुपये बताई गई है।
– शपथपत्र में शामिल पारिवारिक फर्मों की आय का भी उल्लेख किया गया है।
– चुघ पर 85,07,940 रुपये और उनकी पत्नी पर 4,89,47,253.80 रुपये का ऋण है।
– वर्ष 2019 मॉडल की 7 लाख रुपये कीमत की इनोवा क्रिस्टा कार है।
– चुघ के पास 2.95 लाख रुपये कीमत का 20 ग्राम सोना है।
– पत्नी के पास 33.97 लाख रुपये कीमत का 210 ग्राम सोना है।
– परिवार के आश्रित सदस्य के नाम एक करोड़ रुपये कीमत का 660 ग्राम सोना दर्ज है।
– इस तरह परिवार के पास कुल 890 ग्राम स्वर्ण आभूषण हैं।
इसके साथ ही चुघ ने ओम कृपा एसोसिएट्स, पसोदा एलएलपी, विष्णु कृपा, इंस्टीट्यूट आफ स्किल डेवलपमेंट, एचएसएल सिक्योरिटीज और केआरआरआइएसएच रियलटेक प्राइवेट लिमिटेड समेत विभिन्न संस्थाओं में निवेश की जानकारी भी दी है।