रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खैरागढ़ में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीण संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, खैरागढ़ बायपास मार्ग, आमनेर नदी पर उच्च स्तरीय पुल तथा सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का जायजा लेकर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए
बंसल ने खैरागढ़ में 3 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन सर्किट हाउस का भी निरीक्षण किया। यहां भवन के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मार्च-2027 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य है।
सचिव बंसल ने खैरागढ़ बायपास मार्ग पर आमनेर नदी में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का भी निरीक्षण किया। पुल के दोनों एबटमेंट का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं सभी पांच पियर और छह में से तीन स्पैन की ढलाई का कार्य प्रगति पर है। पुल निर्माण का कार्य फरवरी-2027 तक पूर्ण किया जाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समयावधि में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत, अधीक्षण अभियंता श्रीमती अर्पणा चौरपगार, सेतु संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता चंद्रकिशोर पाण्डेय और विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता अब्दुल कादिर सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी, उप अभियंता तथा ठेकेदार भी बंसल के निरीक्षण के दौरान मौजूद थे।



