इंदौर: 19 सितंबर को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में शामिल होने पहुंचेंगे। उनके दौरे से पहले शहर में राजनीतिक माहौल भी गर्म नजर आ रहा है। राहुल गांधी के विरोध में शहर के कई प्रमुख रास्तों और चौराहों पर होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों पर लिखा है ‘झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय’। पोस्टर पर एक QR कोड भी दिया गया है। इसे स्कैन करने पर एक वेबसाइट खुलती है जहां राहुल गांधी की पिछली कुछ रैलियों में किए गए दावों को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
कोटा और पुणे की रैलियों का जिक्र
वेबसाइट पर राहुल गांधी की कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में हुई रैलियों का जिक्र किया गया है। इनमें उनके भाषणों के करीब 40 दावों की जांच किए जाने की बात कही गई है। वेबसाइट पर कुछ दावों को गलत और कुछ को भ्रामक बताया गया है। हालांकि ये निष्कर्ष वेबसाइट की ओर से किए गए दावों पर आधारित हैं।
169 स्रोतों से जांच का दावा
वेबसाइट पर बताया गया है कि राहुल गांधी के भाषणों में किए गए दावों की पड़ताल के लिए 169 अलग-अलग स्रोतों से जानकारी जुटाई गई। इनमें केंद्र सरकार की आधिकारिक वेबसाइट, संसद से जुड़ी जानकारी और विभिन्न न्यूज वेबसाइटों का उल्लेख किया गया है।
कांग्रेस ने किया पलटवार
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने आरोप लगाया कि पिछले 20 दिनों से भारतीय जनता पार्टी, पुलिस और प्रशासन के माध्यम से राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को विफल करने का प्रयास किया जा रहा था। आज लगाए गए पोस्टरों से भाजपा का असली चेहरा इंदौर की जनता और युवाओं के सामने उजागर हो गया है। पार्टी ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा चाहे कितने भी प्रयास कर ले युवाओं की आवाज न तो रुकेगी और न ही दबेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में हजारों-लाखों छात्र और युवा उन्हें सुनने के लिए उत्साहित हैं और आज के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होंगे। भाजपा चाहे जितना भी विरोध करे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम सफल होकर रहेगा।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था बदली
राहुल गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए इंदौर पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया है। पुलिस के मुताबिक यह व्यवस्था दोपहर करीब 1 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक लागू रहेगी। ट्रैफिक का दबाव और मौके की स्थिति देखते हुए व्यवस्था में जरूरत के अनुसार बदलाव भी किया जा सकता है।
दोपहर डेढ़ बजे पहुंचेंगे इंदौर
राहुल गांधी दोपहर करीब 1.30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद एयरपोर्ट से रेडिसन होटल तक रास्ते में उनका स्वागत किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के मुताबिक एयरपोर्ट के अलावा लवकुश चौराहा, एमआर-10 चौराहा, विजय नगर चौराहा और रेडिसन के पास स्वागत की तैयारी है।
रेडिसन होटल में पहुचेंगे
राहुल गांधी इसके बाद रेडिसन होटल पहुंचेंगे। शाम करीब 5 बजे वे भारत जोड़ो मैदान, रीजनल पार्क के सामने आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम स्थल पर वे करीब साढ़े तीन घंटे रहेंगे, हालांकि मंच पर उनकी मौजूदगी लगभग एक घंटे की रहने की जानकारी दी गई है। रात करीब 9 बजे वे इंदौर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इन 13 रास्तों पर भारी वाहन रहेंगे प्रतिबंधित
कार्यक्रम के दौरान राऊ चौराहे से राजेंद्र नगर तिराहे, नर्मदा नगर चौराहे से राजेंद्र नगर ब्रिज, गोपुर चौराहे से चाणक्यपुरी, बिजलपुर फाटा से चोइथराम और बिजलपुर चौराहे से केसरबाग की ओर भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
पांच मार्गों पर चार पहिया वाहनों की भी रोक
कार्यक्रम स्थल की तरफ जाने वाले कुछ रास्तों पर सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। चोइथराम चौराहे से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाला रास्ता, गड़बड़ी पुलिया से चोइथराम की ओर जाने वाला मार्ग और राजीव गांधी चौराहे से चोइथराम की तरफ जाने वाला रास्ता नो-व्हीकल जोन रहेगा।
इसके अलावा प्रतिक्षा ढाबा चौराहे से राजीव गांधी चौराहे की ओर जाने वाले रास्ते पर जरूरत के अनुसार वाहनों को रोका जाएगा। भंवरकुआं चौराहे से भोलाराम उस्ताद मार्ग होते हुए राजीव गांधी चौराहे तक सभी चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि राहुल गांधी के दौरे के दौरान निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।



