Spread the love

नई दिल्ली: पाई नेटवर्क क्रिप्टोकरेंसी इस समय काफी चर्चा में है। यह चर्चा इसकी तेजी से बढ़ती और गिरती कीमत को लेकर है। कभी पाई कॉइन की कीमत रातों रात आसमान पर पहुंच जाती है तो कभी पलक झपकते ही यह जमीन पर आ गिरती है। जैसा पिछले कुछ दिनों में हुआ है। तीन दिन पहले ही इसमें एक दिन में 50 फीसदी से ज्यादा का उछाल आ गया था। अब गुरुवार को एक दिन में इसमें बड़ी गिरावट आई।

पाई नेटवर्क कॉइन में पिछले कुछ दिनों में काफी उतार-चढ़ाव हो रहा है। गुरुवार को इसकी कीमत पिछले एक दिन में 25 फीसदी से ज्यादा गिर गई। इस गिरावट के साथ इसकी कीमत फिर से एक डॉलर से नीचे आ गई है। गुरुवार शाम 4 बजे एक पाई कॉइन की कीमत करीब 0.8720 डॉलर थी। वहीं पिछले 7 दिन के रिटर्न की बात करें तो इसमें करीब 40 फीसदी की तेजी आई है।

तीन दिन पहले बनाया था रेकॉर्ड

पाई नेटवर्क ने तीन दिन पहले तेजी का रेकॉर्ड बनाया था। 12 मई को इसमें एक दिन में 50 फीसदी की तेजी आई थी। इस तेजी के साथ इसकी कीमत 1.50 डॉलर के पार पहुंच गई थी। यही नहीं, 5 मई से 12 मई के बीच इसमें 100 फीसदी का उछाल आया था। यानी इसने एक हफ्ते में ही निवेशकों की रकम को दोगुना कर दिया था।

तेजी के बाद फिसली कीमत

12 मई को पाई नेटवर्क की कीमत 1.50 डॉलर के पार पहुंच गई थी। पिछले एक महीने की यह इसका उच्चतम स्तर है। इसके बाद से इसमें गिरावट आनी शुरू हो गई। यह एक गिरावट कुछ समय के लिए ही थमती नजर आई, लेकिन गिरने की दर काफी ज्यादा रही। ऐसे में यह गिरकर एक डॉलर से नीचे आ गई।

भविष्य की बिटकॉइन

इस समय पाई नेटवर्क कॉइन निवेशकों की पसंदीदा क्रिप्टोकरेंसी बनी हुई है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि इसकी तुलना बिटकॉइन से की जा रही है। इसे भविष्य की बिटकॉइन बताया जा रहा है। हालांकि ट्रेड से संबंधित कुछ चिंताओं के कारण अभी इसे बहुत ज्यादा तवज्जो नहीं दी जा रही है। लेकिन माना जा रहा है कि इस साल यानी 2025 में इसकी कीमत 100 डॉलर पहुंच सकती है।