नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद में कच्चे तेल की कीमत में हाल में काफी गिरावट आई है। आज यह 70 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया। पिछले महीने इसकी कीमत में 21 फीसदी गिरावट आई। इस बीच कई देशों ने पेट्रोल और डीजल की कीमत में कटौती करके अपने लोगों को महंगाई से राहत देना शुरू कर दिया है। पाकिस्तान ने लगातार छह बार पेट्रोल-डीजल की कीमत में कटौती की है। श्रीलंका और नेपाल ने भी पेट्रोल और डीजल की कीमत में कटौती की है।
नेपाल ने तेल की कीमतों में 17% तक की कटौती की है। उसने कच्चे तेल की कीमत में गिरावट को देखते हुए यह कदम उठाया है। देश में पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की एकमात्र आयातक और डिस्ट्रीब्यूटर सरकारी कंपनी नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन (NOC) ने पेट्रोल की खुदरा कीमतों में 9.2%, डीजल में 13.3% और कुकिंग गैस में 4.6% की कटौती की है।
श्रीलंका ने भी दी राहत
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक एनओसी ने घरेलू सेक्टर के लिए जेट फ्यूल की कीमतों में 14.8% की कटौती की है। वहीं, राजधानी काठमांडू से चलने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए जेट फ्यूल की कीमत में 14.47%, पोखरा से चलने वाली उड़ानों के लिए 16.9% और सिद्धार्थनगर के भैरहवा से चलने वाली उड़ानों के लिए 17.04% की कटौती की गई है।
श्रीलंका ने भी ईरान युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार तेल की कीमतों में छह प्रतिशत तक की कटौती की। पूरी तरह आयात पर निर्भर इस देश की सरकारी कंपनी पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने डीजल की कीमत में 25 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत में 20 रुपये प्रति लीटर की कमी की है। इस कटौती के बाद देश में डीजल की कीमत 382 रुपये और पेट्रोल की कीमत 414 रुपये प्रति लीटर रह गई है।
पाकिस्तान में रेट
इससे पहले पाकिस्तान ने 19 जून को लगातार छठी बार पेट्रोल और डीजल की कीमत में कटौती की। पेट्रोल की कीमत में 74 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 67 रुपये की कमी की गई। इस कटौती के बाद देश में पेट्रोल की कीमत 373 रुपये प्रति लीटर से घटकर 299 रुपये रह गई जबकि डीजल की कीमत 378 रुपये प्रति लीटर से घटकर 311 रुपये रह गई।
भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमत
भारत में सरकारी तेल कंपनियों ने मई में चार बार पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी की थी। इस दौरान पेट्रोल की कीमत में प्रति लीटर 7.35 रुपये और डीजल में प्रति लीटर 7.82 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये और डीजल की कीमत 95.20 रुपये लीटर है। हालांकि देश की सबसे बड़ी प्राइवेट रिटेलर नायरा एनर्जी ने पेट्रोल में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है।



