Spread the love

नोएडा: ऑयल सेक्टर की महारत्न कंपनी Oil India Ltd (OIL) का नाम तो सुना ही होगा। यह केंद्रीय पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस मिनिस्ट्री के तहत काम करती है। कंपनी ने ऑयल एवं गैस सेक्टर में अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए बड़ी योजना बनाई है। साथ ही ग्रीन एनर्जी की दिशा में भी बड़ा कदम उठा रही है। कंपनी ने देश भर में कम से कम 25 सीबीजी या Compressed Biogas प्लांट लगाने का फैसला किया है। इनमें से दो प्लांट दिल्ली में एवं 4 प्लांट हरियाणा में लगेंगे।

15,000 करोड़ रुपये का निवेश

ऑयल इंडिया लिमिटेड का गुरुवार को 67वीं आम बैठक थी। इस दौरान कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रणजीत रथ ने शेयरहोल्डर्स को अगले तीन साल के दौरान होने वाले निवेश की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी अगले तीन वर्षों के दौरान देश में ऑफशोर डीप और अल्ट्रा-डीप ब्लॉकों की खोज में करीब 15,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस समय कंपनी कई ऑनशोर और ऑफशोर सेडिमेंटरी बेसिन्स में काम कर रही है। इसका ऑफशोर पोर्टफोलियो अब अंडमान, कृष्णा-गोदावरी, महानदी और केरल-कोंकण बेसिन्स में फैला है। इनमें अल्ट्रा-डीपवाटर ब्लॉक भी शामिल हैं, जहां सतह से 6,000 मीटर नीचे से ऑयल निकाला जाता है।

अक्षय ऊर्जा में बड़ी योजना

रथ ने बताया कि कंपनी साल 2040 तक नेट-जीरो कार्बन एमिशन कंपनी बनने का लक्ष्य रखा है। इसे हासिल करने के अपने विज़न के हिस्से के रूप में, कंपनी ने कहा कि वह OIL ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (OGEL) के माध्यम से अपने क्लीन-एनर्जी पोर्टफोलियो का निर्माण कर रही है। इनमें जिसमें कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG), इंटीग्रेटेड CBG और वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट्स, नवीकरणीय ऊर्जा और अन्य लो-कार्बन अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

25 सीबीजी प्लांट लग रहे हैं

उन्होंने बताया कि इसी योजना के तहत 25 सीबीजी प्लांट लगाए जा रहे हैं। रथ ने बताया कि हर प्लांट में 150 से 180 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इनमें से 7-8 प्लांट ओडिशा में, 5 प्लांट असम में, 4 प्लांट हरियाणा में और 2 कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट दिल्ली में बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से दो प्लांट तो काफी एडवांस लेवल पर पहुंच गए हैं। शीघ्र ही इसे चालू कर दिया जाएगा।

दिल्ली नगर निगम से करार

OIL Green Energy Ltd ने दिल्ली में जो दो सीबीजी प्लांट लगाने का मन बनाया है, उसके लिए फीडस्टॉक म्यूनिसिपल वेस्ट होगा। रथ ने बताया कि दिल्ली के प्लांट के लिए म्यूनिसिपल वेस्ट के लिए दिल्ली नगर निगम से करार किया गया है। साथ ही पड़ोसी राज्य हरियाणा के फरीदाबाद, गुड़गांव, हिसार और अंबाला/कुरुक्षेत्र में एक-एक प्लांट लगाने की योजना है। सीबीजी प्लांट में हर रोज करीब 1500 टन म्यूनिसिपल वेस्ट की आवश्यकता होगी। इसलिए पहले से करार किया जा रहा है।

शेयर का क्या है भाव

शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स सुबह करीब 300 अंक बढ़ कर खुला था। ऑयल इंडिया के शेयर भी सुबह बढ़ कर खुले थे। लेकिन यह बढ़त बरकरार नहीं रह सकी। गुरुवार को इसके शेयर बीएसई में 477 रुपये पर बंद हुए थे। शुक्रवार की सुबह यह बढ़ कर 478.95 रुपये पर खुले लेकिन बिकवाली क बीच यह 473.50 रुपये तक टूट गए। दिन में 10:48 बजे यह 2.65 रुपये गिर कर 474.35 रुपये पर ट्रेड हो रहे थे।