माता वेदरी मंदिर की शासकीय भूमि पर किया कब्जा, राजीव गांधी मिशन के पौधे नष्ट करने का आरोप
भोपाल। ग्राम पंचायत कुठार के पूर्व सरपंच एवं भाजपा किसान मोर्चा जिला महामंत्री रामजीवन मीना ने भोपाल कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि ग्राम देवपुर पटवारी हल्का नं. 13 की शासकीय भूमि (खसरा नं. 315 व 316) जिसका रकबा लगभग 2100 हेक्टेयर है, उस भूमि पर वर्ष 2006-07 में पंचायत द्वारा राजीव गांधी मिशन से वृक्षारोपण कर बगीचा विकसित किया गया था।
रामजीवन मीना ने शिकायत में कहा कि उक्त भूमि पर लगे वृक्षों से हर साल हजारों रुपए की आमदनी होती थी, लेकिन मंदिर समिति द्वारा उक्त भूमि को कब्जे में लेकर 40-50 हजार रुपये वार्षिक लीज पर दे दिया गया। कई वर्षों से लगातार लीज पर दिए जाने से न केवल वृक्ष नष्ट हो रहे हैं बल्कि खुद मंदिर समिति के पदाधिकारी भी भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती कर रहे हैं।
उन्होंने कलेक्टर और राजस्व अधिकारियों से मांग की है कि शासकीय भूमि को तत्काल मुक्त कराकर अवैध कब्जेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बगीचे को पुनः संरक्षित किया जाए।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और ग्रामीणों ने भी प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। जनसुनवाई के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण सम्मिलित हुए इसमें राकेश मीणा जगदीश मीणा प्रमोद आदि ने कहा कि यह कब्जा हटाकर इसको ट्रस्ट के द्वारा संचालित किया जाए जिससे ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान हो



