ओटावा: कनाडा ने खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की भूमिका से इनकार किया है। कनाडाई पुलिस ने कहा है कि जांच में भारतीय अधिकारियों के इसमें शामिल होने का सबूत नहीं मिला है। 2023 में हरदीप निज्जर के कत्ल के बाद कनाडा के तत्कालीन पीएम जस्टिन ट्रूडो के बयानों में भारत सरकार के अफसरों की भमिका इस हत्याकांड में होने की बात कही गई थी। कनाडा के इन आरोपों की वजह से दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण हो गए थे। कनाडाई पुलिस ने अब हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की भूमिका से इनकार किया है। कनाडा पुलिस का बयान अमेरिका के गैंगेस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड पर निज्जर को मारने की साजिश का आरोप लगाने के ठीक बाद आया है।
कनाडा-अमेरिका का ऑपरेशन
अमेरिका की एफबीआई और कनाडा पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में भारत से जुड़े अपराधी गुटों के 24 लोग गिरफ्तार किए हैं। ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत की गई इन गिरफ्तारियों के बाद रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने कहा कि जांचकर्ताओं को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे पता चले कि निज्जर मर्डर केस की जांच में भारतीय अधिकारियों पर कोई आरोप लगाया गया हो या वे इसमें शामिल हों।RCMP की ओर से यह बात तब कही गई, जब अधिकारियों ने संगठित अपराध समूहों के खिलाफ बड़ी गिरफ्तारियों और आरोप तय करने की घोषणा की। RCMP ने FBI के साथ मिलकर लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड, रविंदर ढांडा और जग्गू भगवानपुरिया के क्रिमिनल नेटवर्क को निशाना बनाना है। इन पर जबरन वसूली, ड्रग तस्करी, अपहरण और हिंसक अपराधों (निज्जर हत्याकांड) के लिए जिम्मेदार थे।
निज्जर की मौत पर ट्रूडो के बयान
हरदीप निज्जर की हत्या का मामला 2023 के बाद से लगातार चर्चा में रहा है। इस हत्याकांड के चलते भारत और कनाडा के बीच राजनयिक संबंध खराब हो गए थे। इसकी वजह तत्कालीन कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो का बयान था। उन्होंने कहा था कि कनाडाई अधिकारी इस हत्या में भारत सरकार के एजेंटों के शामिल होने के ‘विश्वसनीय आरोपों’ की सक्रिय रूप से जांच कर रहे हैं।
बिश्नोई ने कराई निज्जर की हत्या?
अमेरिका ने कनाडा में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में लॉरेंस बिश्नोई और सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर आरोप लगाया है। लॉस एंजिल्स में दायर आरोप-पत्र में बिश्नोई (भारत की जेल में) और बराड़ (फरार) पर 18 जून, 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में गुरुद्वारे के बाहर निज्जर की गोली मारकर हत्या करवाने का इल्जाम लगाया गया है।



