फिल्म ‘रामायण’ के निर्माता नमित मल्होत्रा की कंपनी ‘प्राइम फोकस लिमिटेड’ के मुंबई स्थित दफ्तरों पर छापेमारी की खबर है। CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक आयकर विभाग ने यह कार्रवाई विदेशी लेन-देन (फॉरेन रेमिटेंस) में हुई गड़बड़ियों के सिलसिले में की है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बड़ी बजट की फिल्म रामायण की रिलीज से कुछ हफ्ते पहले यह कार्रवाई सामने आई है।
विदेशी लेन-देन से जुड़ा है मामला
आयकर विभाग की यह सर्च कार्रवाई विदेशों में पैसे भेजने से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं को लेकर की गई है। हालांकि, किस तरह के लेन-देन की जांच की जा रही है और इस कार्रवाई का दायरा कितना बड़ा है, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी या खुलासा नहीं किया गया है।
हाल ही में सेट पर लगी थी मामूली आग
आयकर विभाग की यह कार्रवाई मुंबई स्थित प्राइम फोकस स्टूडियोज में ‘रामायण’ के सेट के पास हुई आगजनी की घटना के कुछ दिनों बाद हुई है।
उस समय स्टूडियो के पास मामूली आग लग गई थी। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था और स्थिति पर काबू पाने के तुरंत बाद शूटिंग का काम दोबारा शुरू कर दिया गया था।
4000 करोड़ के बजट में बन रही है ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। इस पौराणिक फिल्म को लगभग 4,000 करोड़ रुपए के बजट पर तैयार किया जा रहा है।
इसका संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और एआर रहमान मिलकर तैयार कर रहे हैं। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है।
हॉलीवुड स्तर का काम कर रही है DNEG
नमित मल्होत्रा की कंपनी प्राइम फोकस मनोरंजन जगत में विजुअल इफेक्ट्स (VFX), एनिमेशन, पोस्ट-प्रोडक्शन और कंटेंट क्रिएशन का काम करती है।
नमित मल्होत्रा इस रामायण फिल्म का निर्माण एक्टर यश की कंपनी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ और ‘DNEG’ के साथ मिलकर कर रही है।
DNEG इस फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स संभाल रही है। फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (माता सीता) और यश (रावण) की भूमिका में हैं। वहीं सनी देओल (हनुमान), रवि दुबे (लक्ष्मण), अरुण गोविल (दशरथ), लारा दत्ता (कैकेयी) और रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा) के किरदारों में नजर आएंगे।



